राष्ट्रीय

AAP छोड़ BJP में आए संदीप पाठक पर पंजाब में 2 FIR, बीजेपी ने बताया ‘बदले की राजनीति’

AAP छोड़कर BJP में शामिल हुए संदीप पाठक पर पंजाब में 2 FIR दर्ज। गैर-जमानती धाराओं में केस, बीजेपी ने लगाया बदले की राजनीति का आरोप।

2 min read
May 02, 2026
Sandeep-Pathak-FIR-Punjab.webp
संदीप पाठक, राज्यसभा सांसद (फोटो सोर्स: ANI)

Sandeep Pathak Rajya Sabha MP: आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब में दो FIR दर्ज होने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि ये मामले गैर-जमानती धाराओं के तहत दर्ज किए गए हैं, हालांकि अभी तक पंजाब पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गैर-जमानती धाराओं में दर्ज हुए केस

सरकारी सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि संदीप पाठक के खिलाफ दर्ज दोनों FIR गंभीर धाराओं में हैं। पुलिस आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। हालांकि, इन मामलों की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

शनिवार को जब इस बारे में उनसे सवाल किया गया तो संदीप पाठक ने कहा, “मुझे अपने खिलाफ किसी FIR की कोई जानकारी नहीं है।” इससे पहले वह अपने दिल्ली स्थित आवास से निकलते हुए भी नजर आए थे, लेकिन उन्होंने मीडिया से बात नहीं की।

AAP छोड़कर BJP में शामिल हुए कई सांसद

संदीप पाठक उन सात राज्यसभा सांसदों में शामिल हैं जिन्होंने हाल ही में AAP छोड़कर BJP जॉइन की है। इनमें राघव चड्ढा, स्वाति मालीवाल, राजिंदर गुप्ता, विक्रमजीत साहनी, हरभजन सिंह और अशोक मित्तल जैसे नाम शामिल हैं। इन नेताओं के पार्टी छोड़ने से AAP को बड़ा झटका लगा है और राज्यसभा में संख्या 10 से घटकर 3 रह गई है।

बीजेपी का आरोप: बताया बदले की राजनीति

इस मामले को लेकर बीजेपी ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक बदले की भावना से की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब संदीप पाठक AAP में थे, तब उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। अगर कोई भ्रष्टाचार था तो उन्हें इतने समय तक पार्टी में क्यों रखा गया? क्या हाल ही में कोई नया सबूत सामने आया है या फिर यह सब सिर्फ बदले की राजनीति है?

पूनावाला ने अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर राज्य की मशीनरी का दुरुपयोग करने का भी आरोप लगाया है।

तरुण चुग का बयान भी सामने आया

बीजेपी नेता तरुण चुग ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पंजाब में AAP सरकार के खिलाफ लोगों में नाराजगी है और इसी हताशा के कारण इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग डरने वाले नहीं हैं और इस तरह के कदमों से दबने वाले नहीं हैं।

ट्राइडेंट ग्रुप पर रेड से भी जुड़ा विवाद

इससे पहले पंजाब सरकार पर उस समय भी सवाल उठे थे जब पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने ट्राइडेंट ग्रुप के धौला यूनिट पर छापा मारा था। यह यूनिट राज्यसभा सांसद राजिंदर गुप्ता से जुड़ा है, जो हाल ही में AAP छोड़कर BJP में शामिल हुए हैं।

बीजेपी ने उस कार्रवाई को भी राजनीतिक बदले की भावना से जोड़ते हुए आरोप लगाए थे, हालांकि AAP ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।

सियासत तेज, नजर आगे की कार्रवाई पर

फिलहाल संदीप पाठक के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। एक तरफ BJP इसे बदले की राजनीति बता रही है वहीं दूसरी ओर अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Published on:
02 May 2026 07:16 pm
Also Read
View All
क्या है महाराष्ट्र स्पेशल पब्लिक सिक्योरिटी एक्ट ? रोक लगाने के लिए कांग्रेस-CPI ने हाई कोर्ट का खटखटाया दरवाजा ? उद्धव-शरद पीछे क्यों हटे

NEET UG Re-Exam 2026: इंदौर में छात्रा ने किया सुसाइड, फर्जी प्रश्न पत्र बेचने के आरोप में भीलवाड़ा में छात्र गिरफ्तार, NMC ने जारी की नई एडवाइजरी

थोड़ी देर में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलेंगे अभिषेक बनर्जी, TMC में बगावत के बाद पार्टी फंड को लेकर एक और विवाद

पुलिस की गाड़ी में बैठे एक और TMC नेता पर हमला, कौन हैं विजय सिंह, जिन पर चोर चोर कह कर फेंके गए अंडे

BJP Leader Murder Case: भाजपा नेता समेत 3 लोगों की नृशंस हत्या के मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत 5 अब भी फरार