राष्ट्रीय

शरद पवार को मनाने पहुंचेगी कांग्रेस की शीर्ष लीडरशिप, शिरसाट बोले- राहुल और सोनिया गांधी की कोशिश नहीं आएगी काम

Sharad Pawar: परिसीमन विधेयक को लेकर महाराष्ट्र में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। संजय शिरसाट ने दावा किया है कि शरद पवार एनडीए को समर्थन देने के अपने रुख पर कायम रहेंगे।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 3:55 PM IST
Sharad Pawar
शरद पवार। (फोटो सोर्स: ANI)

Delimitation Bill: परिसीमन विधेयक को लेकर महाराष्ट्र में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री और शिवसेना प्रवक्ता संजय शिरसाट ने दावा किया है कि शरद पवार का एनडीए को समर्थन देने का रुख बरकरार रहेगा। वहीं महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने विधेयक का विरोध करते हुए इसे दक्षिणी राज्यों के साथ अन्याय बताया है। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में उत्तर और दक्षिण के बीच टकराव बढ़ सकता है।

पवार अपनी भूमिका नहीं बदलेंगे : शिरसाट

संजय शिरसाट ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी शरद पवार से मिलने आ रहे हैं। वे उन्हें मनाने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन कांग्रेस सांसदों के रुख को देखते हुए पवार के फैसले में बदलाव की संभावना नहीं है। पवार की तबीयत खराब होने के कारण उनसे मिलने आना अलग बात है। इस दौरान राजनीतिक चर्चा भी हो सकती है, लेकिन उनकी भूमिका बदलने की उम्मीद नहीं है।

संजय राऊत पर भी निशाना साधा

शिरसाट ने शिवसेना (उद्धव बाला ठाकरे) के सांसद संजय राऊत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राऊत को बताना चाहिए कि उन्हें इस विधेयक से इतनी आपत्ति क्यों है। विपक्ष का काम आरोप लगाना है और वह ऐसा ही कर रहा है। कभी किसी सांसद को 150 करोड़ रुपए देने का आरोप लगाया जाता है तो कभी किसी को गद्दार कहा जाता है। इन बातों का कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले लोगों को लग रहा था कि संजय राऊत शरद पवार की भाषा बोल रहे हैं, लेकिन अब वे उन्हीं पवार का विरोध कर रहे हैं। ऐसे में लोग उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेंगे। शिरसाट ने कहा कि अब उद्धव ठाकरे गुट के पास पछताने के अलावा कुछ नहीं बचा है।

राजनीति करने का पवार का अपना तरीका : शिरसाट

शिरसाट ने कहा कि राहुल गांधी ने शरद पवार को अपने पक्ष में करने की कोशिश की है, लेकिन पवार अनुभवी नेता हैं और राजनीतिक चालों को अच्छी तरह समझते हैं। विपक्ष के पास फर्जी नैरेटिव फैलाने के अलावा कोई काम नहीं बचा है। अब वह लोगों के बीच जाकर उनका मन बदलने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि शरद पवार की राजनीति करने का अपना तरीका है। जब उन्हें एक तरफ जाना होता है तो वे दूसरी तरफ जाने की बात कहते हैं। ऐसे में उनके राजनीतिक फैसले को कुछ नया मानने की जरूरत नहीं है।

राज ठाकरे बोले- उत्तर और दक्षिण के बीच बढ़ेगा टकराव

दूसरी ओर राज ठाकरे ने परिसीमन विधेयक पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस विधेयक से देश को क्या हासिल होगा? यह पूरे देश को केंद्र के नियंत्रण में रखने की कोशिश है। इससे आने वाले समय में उत्तर और दक्षिण के बीच संघर्ष बढ़ सकता है। राज ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र भी दक्षिण भारत का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, गोवा, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और केरल जैसे राज्यों के साथ आने वाले समय में अन्याय हो सकता है। यह अन्याय लंबे समय तक जारी रह सकता है। राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि इस विधेयक के जरिए सभी राज्यों को केंद्र पर निर्भर रखने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी कुछ और बातें सामने आनी बाकी हैं, जो धीरे-धीरे लोगों को समझ में आएंगी।

Updated on:
29 Nov 2026, 3:55 PM IST
Published on: