
Sanjay Singh BJP Attack : नई दिल्ली। मध्य प्रदेश की दतिया और बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणामों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। आप नेता ने दावा किया है कि ये नतीजे साफ संकेत देते हैं कि बीजेपी का पारंपरिक वोट बैंक, विशेषकर युवा और जेन-जेड प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार से पूरी तरह निराश हो चुके हैं।
संजय सिंह ने कहा कि यह परिणाम एक हद तक हमें उस ऐतिहासिक जीत की याद दिलाता है जो कभी वी.पी. सिंह ने जनमोर्चा उम्मीदवार के रूप में प्रयागराज में हासिल की थी। वह एक जबरदस्त जीत थी, क्योंकि बीजेपी पिछले 35 सालों से वह सीट नहीं हारी थी। उस दौर में जब कांग्रेस पार्टी के पास 415 सीटें थीं, तब वी.पी. सिंह ने उपचुनाव जीतकर पूरे देश में एक सशक्त संदेश दिया था। ठीक वैसे ही बांकीपुर के नतीजे ने संदेश दिया है।
संजय सिंह ने आगे कहा कि बांकीपुर से युवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना पहला बड़ा राजनीतिक संदेश दे दिया है। दतिया और बांकीपुर, दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनाव परिणाम इस बात का स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि लोग धीरे-धीरे बीजेपी से दूर हो रहे हैं।
बिहार के बांकीपुर में जनसुराज पार्टी के फाउंडर प्रशांत किशोर 18,953 वोटों से जीत गए हैं। प्रशांत को 63203 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 44250 वोट मिले। बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की पारंपरिक सीट है। वे यहां से लगातार 5 बार विधायक रहे हैं। उनके राज्यसभा जाने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया गया। इधर, मध्यप्रदेश के दतिया में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने 6016 वोटों से जीत दर्ज की। भाजपा ने यहां पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था।
जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर से उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व को बिहार की जनता स्वीकार नहीं करती है, ये बात स्पष्ट है। किला किसी का नहीं होता है। 30 साल का किला ढहने में 30 दिन भी नहीं लगा और इसकी बड़ी वजह ये है कि भाजपा ने चुनाव जीतने के बाद यहां पर एक अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्ति को, एक गलत चाल-चरित्र वाले व्यक्ति को बिहार का नेतृत्व दिया है। ये लोगों को स्वीकार्य नहीं है।