
Sanjay Singh Statement: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आम आदमी पार्टी (AAP) को बीजेपी की 'बी टीम' बताने वाले बयान पर सियासी घमासान शुरू हो गया है। AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने खरगे पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के नेताओं और विधायकों के राजनीतिक रुख पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिन दलों के विधायक खुद बीजेपी में शामिल हो जाते हैं, उन्हें आम आदमी पार्टी पर सवाल उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर पहुंचे संजय सिंह ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों में कांग्रेस के विधायक पाला बदलकर बीजेपी में शामिल होते रहे हैं। उनके मुताबिक, ऐसे घटनाक्रमों से बीजेपी को सरकार बनाने में मदद मिलती है। संजय सिंह ने खरगे के बयान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। सोशल मीडिया साइट 'X' पर अरविंद केजरीवाल ने भी संजय सिंह की वीडियो को शेयर किया और इसे आप का कांग्रेस को जवाब बताया।
संजय सिंह ने कहा कि कई राज्यों में कांग्रेस के विधायक चुनाव के बाद या बीच में पाला बदलकर बीजेपी में शामिल हो जाते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी पार्टी आम आदमी पार्टी को बीजेपी की बी टीम कैसे बता सकती है? AAP सांसद ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले पार्टी को अपने भीतर झांकना चाहिए। उन्होंने पंजाब में खरगे की रैली के संदर्भ में भी कांग्रेस पर निशाना साधा।
संजय सिंह ने कहा कि आप के अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और वह खुद भाजपा से लड़ते हुए जेल गए। इसके बावजूद कांग्रेस आप पर सवाल उठा रही है। पंजाब पर बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि पंजाब की भगवंत मान सरकार 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपये तक का चिकित्सा बीमा, नहरों में पानी और सरकारी नौकरियों जैसे काम कर रही है। आप फिर प्रचंड बहुमत से जीतेगी।
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों विपक्षी INDIA गठबंधन का हिस्सा रहे हैं। ऐसे में दोनों दलों के नेताओं के बीच इस तरह की बयानबाजी गठबंधन के भीतर मतभेदों को फिर चर्चा में ले आई है।