राष्ट्रीय

शरद पवार की सेहत को लेकर बड़ी खबर, रोहित पवार बोले- अगले एक-दो दिन में अस्पताल से मिल सकती है छुट्टी

Sharad Pawar Health Updates: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार की तबीयत में सुधार है। रोहित पवार के मुताबिक, उन्हें अगले एक-दो दिन में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 5:44 PM IST
Sharad Pawar and Rohit Pawar
शरद पवार और रोहित पवार (Photo: IANS/File)

Rohit Pawar: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के प्रमुख शरद पवार की तबीयत में सुधार है। उन्हें एक-दो दिन में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है। तबीयत बिगड़ने और शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं शरद पवार से मुलाकात के बाद विधायक रोहित पवार ने बताया कि उनकी तबीयत पहले से बेहतर है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में शरद पवार की मुलाकात के दौरान उनकी पत्नी प्रतिभा पवार भी मौजूद थीं। रोहित ने उनसे स्वास्थ्य के बारे में पूछा तो उन्होंने अपनी तबीयत ठीक बताई। इसके बाद उन्होंने जानकारी दी कि अगले एक-दो दिन में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।

अस्पताल में भी किसानों की चिंता

रोहित पवार ने बताया कि मुलाकात के दौरान शरद पवार ने सबसे पहले महाराष्ट्र में सूखे के हालात के बारे में पूछा। उन्होंने किसानों और खेत मजदूरों की परेशानियों की जानकारी ली। इस मुद्दे पर दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। रोहित पवार ने कहा कि खुद की तबीयत खराब होने और अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद शरद पवार को महाराष्ट्र के किसानों और खेत मजदूरों की चिंता है। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि एक बड़ा नेता किस तरह लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देता है। मुलाकात के दौरान सांसद सुप्रिया सुले भी वहां पहुंचीं और परिवार के बीच बातचीत हुई।

राजनीतिक चर्चाओं पर भी रखी राय

मीडिया से बातचीत में रोहित पवार ने राजनीतिक चर्चाओं को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राजनीति में केवल बॉडी लैंग्वेज, अंदाज और लोगों के बीच चल रही चर्चाओं के आधार पर नीतियां तय नहीं होतीं। ऐसे में केवल चर्चाओं पर बार-बार बात करना कितना सही है, इस पर विचार करना चाहिए।

परिसीमन विधेयक पर मसौदे का इंतजार

परिसीमन विधेयक पर रोहित पवार ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में सभी राज्यों में 50 प्रतिशत तक लोकसभा सीटें बढ़ाने का फैसला होने की जानकारी सामने आई है, लेकिन अभी तक विधेयक का मसौदा नहीं आया है। मसौदा मिलने के बाद उनकी पार्टी के नेता और सांसद इस पर चर्चा करेंगे।

उन्होंने उम्मीद जताई कि विपक्षी गठबंधन के नेता एक साथ बैठक कर सकते हैं। इस बैठक में विधेयक पर चर्चा के बाद संसद में अपनाई जाने वाली रणनीति तय होगी। गठबंधन के रूप में या अलग-अलग दलों की ओर से क्या रुख अपनाना है, इसका फैसला सांसद चर्चा के बाद करेंगे।रोहित पवार ने कहा कि परिसीमन में निर्वाचन क्षेत्रों का गठन मनमाने तरीके से करना ठीक नहीं होगा। विधेयक का मसौदा, परिसीमन से जुड़ी समिति का अध्यक्ष कौन होगा और पूरी प्रक्रिया किस तरह आगे बढ़ेगी, ये बातें महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि सुप्रिया सुले इस मुद्दे पर पार्टी की स्पष्ट राय रखेंगी।

Updated on:
27 Nov 2026, 5:44 PM IST
Published on: