
Sharad Pawar NCP-SP Delimitation Bill Support: संसद के विशेष सत्र के दौरान मोदी सरकार द्वारा परिसीमन बिल को लोक सभा में पेश किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि इस बिल का सदन में केंद्र सरकार को शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) का समर्थन मिल सकता है, जो कि विपक्ष के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं इस बिल के समर्थन में NCP (SP) केंद्र और महाराष्ट्र सरकार में हिस्सेदारी की मांग कर रही है। सियासी गलियारों में यह भी अटकलें लगाई जा रही है कि शरद पवार की पार्टी इंडिया गठबंधन को छोड़कर एनडीए में शामिल हो सकती है।
NDTV की अपनी एक रिपोर्ट में लिखा कि संसद का विशेष सत्र शुरू होने से पहले इस संभावित समझौते को अंतिम रूप देने की भी कोशिश तेज हो गई है। लोक सभा में 30 नवंबर और राज्य सभा में 2 दिसंबर से प्रस्तावित कार्यवाही के बीच NCP-SP के रुख पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि केंद्र सरकार में शरद पवार की पार्टी अपनी भागेदारी चाहती है। इसके लिए सांसद सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने की भी मांग रखी गई है।
बता दें कि NCP (SP) सांसद सुप्रिया सुले INDIA गठबंधन के साथ कथित चुनावी अनियमितताओं के विरोध में हुए प्रदर्शनों में सक्रिय रही थीं। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में परिसीमन पर उनके सुर नरम पड़े हैं। उन्होंने कहा कि लोक सभा सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि से राज्यों के प्रतिनिधित्व में कमी आने की आशंका दूर हो सकती है।
केंद्र के अलावा शरद पवार की पार्टी महाराष्ट्र सरकार में भी हिस्सेदारी चाहती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पार्टी राज्य मंत्रिमंडल में दो कैबिनेट मंत्री पद की मांग कर रही है।
रिपोर्ट में बताया गया कि इस संभावित फॉर्मूले के तहत वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल को वित्त मंत्रालय दिए जाने की चर्चा है, जबकि दूसरे कैबिनेट पद के लिए जितेंद्र आव्हाड का नाम सामने आ रहा है।
इसके अलावा पार्टी अपने अन्य वरिष्ठ विधायकों को समायोजित करने के लिए दो राज्य मंत्री (MoS) पद भी चाहती है।
हालांकि, सुप्रिया सुले को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चाओं को पार्टी की ओर से खारिज किया गया है। खुद सुप्रिया सुले ने इन दावों को निराधार बताया था। उन्होंने कहा था कि राज्य विधानसभा में पार्टी के पास केवल 10 विधायक हैं।
बता दें कि शरद पवार की पार्टी के लोक सभा में 8 सांसद है। ऐसे में परिसीमन बिल पर पार्टी का रुख बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अप्रैल में सदन में एनसीपी-एसपी ने परिसीमन बिल के विरोध में वोट दिए थे।
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, NCP-SP के एक धड़े का मानना है कि संसद में विधेयक को समर्थन देने से पहले सत्ता में हिस्सेदारी का फॉर्मूला तय होना चाहिए।
सूत्रों का यह भी दावा है कि शरद पवार ने कांग्रेस नेतृत्व से फोन पर बातचीत कर पार्टी की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और अपनी 'मजबूरियों' के बारे में जानकारी दी है।
बताया जा रहा है कि पवार ने INDIA गठबंधन के सहयोगियों को संकेत दिया है कि परिसीमन विधेयक का समर्थन करना पार्टी में संभावित टूट को रोकने के लिहाज से जरूरी हो सकता है।
हालांकि, पार्टी की ओर से किसी औपचारिक राजनीतिक बदलाव या NDA में शामिल होने की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
NCP-SP के संभावित राजनीतिक रुख को लेकर महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस ने अपने पोस्ट में शरद पवार को राज्य सभा भेजने में दिए गए समर्थन का जिक्र करते हुए सवाल उठाए हैं।
महाराष्ट्र कांग्रेस के मुताबिक, मार्च 2026 में महाराष्ट्र की राज्यसभा की सात सीटों के लिए चुनाव होने थे। उस समय NCP-SP के पास विधानसभा में केवल 10 विधायक थे, जबकि एक उम्मीदवार को राज्य सभा पहुंचने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी।
कांग्रेस ने बताया कि उसके पास 16 और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) के पास 20 विधायक थे। सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेताओं से समर्थन मांगा था। इसके बाद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना किसी हिचकिचाहट के समर्थन देने पर सहमति जताई थी। कांग्रेस ने अपने पोस्ट के अंत में सवाल किया— 'और अब क्या?'