राष्ट्रीय

‘पापा की महत्वाकांक्षा गुनाह नहीं’, सोनिया गांधी के दावे पर शर्मिष्ठा मुखर्जी का पलटवार

सोनिया गांधी की किताब में प्रणब मुखर्जी की पीएम बनने की चाहत का जिक्र आया तो बेटी शर्मिष्ठा ने पूछा, "क्या महत्वाकांक्षी होना गुनाह है?" जानें पूरा मामला।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 5:30 PM IST
Sonia Gandhi memoir
सोनिया गांधी की किताब पर भड़कीं प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा,Photo-ANI

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब को लेकर राजनीति गरमा गई है। किताब में पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के प्रधानमंत्री बनने की इच्छा का जिक्र है। इस पर प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सवाल उठाया है कि इसमें गलत क्या है।

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' आज दुनियाभर में रिलीज हुई है। इसमें उन्होंने 2010 की एक बातचीत का जिक्र किया है। सोनिया ने लिखा है कि प्रणब मुखर्जी ने उस समय सुझाव दिया कि शायद अब "शीर्ष पद पर बदलाव" का समय आ गया है। सोनिया के मुताबिक, इस बात ने उन्हें चौंका दिया। उन्होंने इसे प्रणब दा की प्रधानमंत्री बनने की पुरानी इच्छा का इशारा माना।

इस पर शर्मिष्ठा मुखर्जी ने अपने दिवंगत पिता का बचाव किया। उन्होंने लिखा, 'इसमें चौंकने जैसी क्या बात है? क्या महत्वाकांक्षी होना कोई अपराध है? खासकर तब, जब वह महत्वाकांक्षा राजनीति और शासन के दशकों के अनुभव, कड़ी मेहनत और एक शानदार दिमाग पर टिकी हो?'

थाली में परोसकर नहीं मिला कुछ

शर्मिष्ठा ने बताया कि उन्होंने एक बार अपने पिता से सीधे पूछा था कि क्या वे प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। इस पर प्रणब दा ने बेबाकी से जवाब दिया था कि जो भी नेता अपने काम में माहिर है, उसके मन में यह चाहत जरूर होती है।

शर्मिष्ठा ने कहा कि उनके पिता बेहद साधारण परिवार से निकले थे और जो कुछ भी पाया, अपनी काबिलियत और मेहनत के दम पर पाया। उन्होंने लिखा कि, उन्हें कोई पद, यहां तक कि PM की कुर्सी भी, वंशवाद की वजह से थाली में परोसकर देने वाला नहीं था।
इसके बाद उन्होंने सोनिया गांधी पर तंज कसते हुए सवाल किया कि क्या सोनिया को इस बात से झटका लगा कि गांधी-नेहरू परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति भी ऐसा सपना देखने की हिम्मत कर सकता है, और उसे इशारों में उनके सामने रखने की भी।

सोनिया गांधी ने किताब में ये लिखा

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि, जब प्रणब मुखर्जी ने 'शीर्ष पर बदलाव' की बात कही, तो उन्होंने धीरे से विषय बदल दिया। सोनिया के मुताबिक, प्रणब दा शायद निराश हुए होंगे, लेकिन उन्होंने कभी यह महसूस नहीं होने दिया कि वे इसे दिल पर लिए बैठे हैं। शर्मिष्ठा ने सोनिया की इस बात पर मुहर लगाई कि उनके पिता ने कोई शिकायत मन में नहीं रखी। उन्होंने कहा कि पिता की डायरियों और उनसे हुई बातचीत के आधार पर वे सोनिया गांधी को भरोसा दिला सकती हैं कि प्रणब दा के मन में उनके या किसी और के प्रति कोई नाराजगी नहीं थी।

Updated on:
10 Nov 2026, 5:30 PM IST
Published on: