
Shashi Tharoor on PM Modi Corporate Tax Cut: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कॉरपोरेट टैक्स में कटौती के बाद भी कंपनियों की ओर से निवेश और रोजगार बढ़ाने में अपेक्षित योगदान नहीं देने को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी के बयान का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कंपनियों को निवेश बढ़ाने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने के मकसद से टैक्स में राहत दी थी, लेकिन कंपनियां अपनी जिम्मेदारी निभाने में पीछे रह गईं।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि कॉरपोरेट कंपनियों के पास अपनी बात रखने के तर्क हो सकते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री की चिंता वास्तविक है। देश में रोजगार की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायत है कि नौकरियां मिलना मुश्किल हो गया है। यहां तक कि पहली बार आईआईटी से पढ़े युवाओं को भी प्लेसमेंट नहीं मिल पाने जैसी स्थिति सामने आ रही है। पहले इस तरह की स्थिति सुनने को नहीं मिलती थी। इससे पता चलता है कि खासकर कॉलेज से पढ़कर निकलने वाले युवाओं के लिए रोजगार का माहौल काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है।
इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों पर भी सवाल खड़े किए। शशि थरूर ने कहा कि अर्थव्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है। अगर प्रधानमंत्री कंपनियों पर सवाल उठा रहे हैं और कंपनियां इसके लिए सरकारी नीतियों को जिम्मेदार ठहरा रही हैं, तो यह देखने वाली बात होगी। हालांकि, उनका मानना है कि सरकार भी कई मोर्चों पर बेहतर काम कर सकती है।
थरूर ने कहा कि सरकार को नियमों और प्रक्रियाओं को आसान बनाने की जरूरत है। देश में कारोबार करना आसान होने (ईज ऑफ डूइंग बिजनेस) का दावा हकीकत में पूरी तरह नजर नहीं आता।
इस दौरान कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि जिन कारोबारियों से उनकी बातचीत होती है, उनमें से हर कोई कहता है कि भ्रष्टाचार पहले के मुकाबले काफी बढ़ गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चर्चित नारे 'न खाऊंगा, न खाने दूंगा' का जिक्र करते हुए तंज कसा।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने गाजा में इजरायल की सैन्य कार्रवाई और फलस्तीन के मुद्दे पर राहुल गांधी के रुख का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जो बात कही है, वह बिल्कुल सही है और यही भारत का रुख भी है।
शशि थरूर ने कहा कि भारत 7 अक्टूबर को हमास की ओर से किए गए आतंकी हमले की निंदा करता है, जिसमें निर्दोष महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की जान गई थी। इसके साथ ही गाजा में इजरायल की जवाबी कार्रवाई की भी निंदा की जानी चाहिए, क्योंकि यह कार्रवाई जरूरत से ज्यादा रही है। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और पुरुष नागरिकों की मौत हुई है। कई घर और लोगों की आजीविका तबाह हो गई है तथा पूरा गाजा क्षेत्र मलबे में तब्दील हो गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही नहीं, बल्कि व्यापक रूप से भारत सरकार का भी यही रुख है कि फलस्तीनियों को शांति और सम्मान के साथ जीने का अधिकार मिलना चाहिए। वहीं, इजरायल को भी शांति और सुरक्षा के साथ रहने का अधिकार है। किसी भी पक्ष की ओर से निर्दोष नागरिकों के खिलाफ की जाने वाली हिंसा और कार्रवाई की निंदा होनी चाहिए।