राष्ट्रीय

‘जान से मार दूंगा’, शिवसेना सांसद ने पत्रकारों को दी धमकी, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा माफी मांगों

शिवसेना सांसद संजय दीना पाटिल के पत्रकारों को जान से मारने की धमकी देने के मामले में डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की प्रतिक्रिया सामने आई है। शिंदे ने पाटिल से अपने व्यवहार के लिए माफी मांगने को कहा है।
2 min read
Jun 25, 2026
Shiv Sena MP Sanjay Dina Patil
शिवसेना सांसद संजय दीना पाटिल (फोटो- एएनआई)

उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना (UBT) छोड़ हाल ही एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुए सांसद संजय दीना पाटिल एक नए विवाद में घिर गए हैं। पाटिल पर पत्रकारों को धमकाने और उनके खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगा है। यह मामला सामने आने के बाद से ही विपक्ष लगातार इसे लेकर महाराष्ट्र सरकार को घेर रहा है। इसी कड़ी में अब राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे का इस मामले में बयान सामने आया है। शिंदे ने पाटिल के व्यवहार को अनुचित बताते हुए कहा है कि उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

बेटी के उद्धव गुट में बने रहने के सवाल पर भड़के

मुंबई उत्तर-पूर्व से सांसद संजय दीना पाटिल हाल ही में शिवसेना (UBT) के छह सांसदों के साथ शिंदे गुट में शामिल हुए थे। गुरुवार को जब कुछ पत्रकारों ने उनसे संजय राउत की शिकायत और उनकी बेटी राजुल पाटिल के उद्धव ठाकरे गुट में बने रहने के फैसले पर सवाल पूछे, तो वह भडक गए। वायरल वीडियो में वह कथित तौर पर पत्रकारों से कहते नजर आए कि मेरे मामलों में नाक मत घुसाओ, दोबारा आए तो जान से मार दूंगा। इस दौरान उन्होंने अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया। घटना के बाद पत्रकार संगठनों और विपक्षी नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

संजय राउत ने पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की

शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने मुंबई पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर संजय दीना पाटिल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। राउत ने आरोप लगाया कि पाटिल ने कहा था कि अगर किसी ने उनके खिलाफ विरोध किया तो वह बम फेंक देंगे, घर में घुसकर मार डालेंगे। इससे पहले भी संजय पाटिल ने मीडिया से बातचीत में दावा किया था कि उनके पिता दीना पाटिल पर हमला हुआ था तो पांच लोगों को मार दिया गया था। हालांकि उन्होंने इस बयान पर ज्यादा जानकारी नहीं दी। राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के बीच मामला और ज्यादा गरमाता गया। बाद में संजय राउत और पाटिल के बीच बयानबाजी बेहद तीखी हो गई।

शिंदे और फडणवीस ने दी प्रतिक्रिया

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि संजय दीना पाटिल का पत्रकारों का अपमान करने का इरादा नहीं था। उन्होंने कहा कि अगर किसी को उनकी बातों से ठेस पहुंची है तो उन्होंने खेद जताने की इच्छा व्यक्त की है। शिंदे ने यह भी कहा कि उन्होंने पाटिल से साफ शब्दों में कहा है कि अगर कोई अनुचित बयान दिया गया है तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वह पूरी जानकारी लेने के बाद ही टिप्पणी करेंगे। उन्होंने इतना जरूर कहा कि किसी को भी धमकी देना गलत है।

Updated on:
25 Jun 2026 05:55 pm
Published on:
25 Jun 2026 05:37 pm