
Shubhendu Adhikari PA Murder Case: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ राठ की हत्या के मामले में आरोपी राज सिंह की मां ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा निर्दोष है और जिस समय हत्या हुई, वह लखनऊ में एक शादी में मौजूद था। इस बयान में उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। साथ ही पुलिस और सरकार से न्याय की गुहार लगाई है।
आरोपी राज सिंह की मां ने अपने बेटे को निर्दोष बताया है। उन्होंने कहा कि जिस समय हत्या हुई, उस वक्त उनका बेटा राज सिंह एक एमएलसी की बेटी की शादी में लखनऊ गया था। उनका कहना है कि पूरे सफर के दौरान वह अपने बेटे के साथ थीं।
उन्होंने बताया कि उनके ड्राइवर ओमप्रकाश सिंह, शादी की फोटोग्राफी के लिए गया एक लड़का और राज का दोस्त मोनि सिंह भी उनके साथ थे। यानी कुल पांच लोग इस यात्रा में शामिल थे।
उन्होंने कहा कि सभी लोग शादी समारोह के पास बने एक गेस्ट हाउस में रुके थे। शादी में शामिल होने के लिए रात में लड़के समारोह में चले गए थे जबकि वह गेस्ट हाउस में ही रहीं। देर रात सभी वापस लौटे और फिर वहीं रुककर सो गए।
राज सिंह की मां के अनुसार, अगले दिन सुबह सभी लोग तैयार होकर अंबेडकर नगर स्थित चौचहार शरीफ दरगाह में दुआ करने गए थे। उन्होंने कहा कि इस पूरे दौरान उनका बेटा उनके साथ था और लखनऊ से बाहर कहीं नहीं गया।
आरोपी मां ने यह भी कहा कि उनके परिवार का कोलकाता से कोई संबंध नहीं है। न तो वहां पर उनके रिश्तेदार रहते हैं और न ही वह अपने बेटे के साथ कभी कोलकाता गई हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब उनका बेटा लखनऊ में मौजूद था तो उसे इस मामले में क्यों फंसाया जा रहा है।
उन्होंने सरकार और जांच एजेंसियों से अपील की कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। उनका कहना है कि उनके पास बेटे के लखनऊ में होने के सबूत भी हैं। उन्होंने मोबाइल लोकेशन, बाजार में खरीदारी और अन्य रिकॉर्ड की जांच करने की मांग करते हुए कहा कि इससे सच्चाई सामने आ जाएगी।
राज सिंह की मां ने यह भी कहा कि उनके पास इस बात के सबूत मौजूद हैं कि उनका बेटा लखनऊ में था। उन्होंने बताया कि उनका बेटा मार्केट में खरीदारी करने गया, जिम जाता है और मोबाइल फोन रिकॉर्ड व लोकेशन से यह साबित हो सकता है कि वह लखनऊ में था। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि सभी रिकॉर्ड्स और सबूत की जांच करके निष्पक्ष निर्णय लिया जाए।
राज सिंह को शुभेन्दु अधिकारी के PA चंद्रनाथ राठ की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। मामले में पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया है। उत्तर 24 परगना के बरासात कोर्ट ने आरोपियों को 13 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। साथ ही अदालत ने मामले में साक्ष्य नष्ट करने से जुड़ी धाराएं भी जोड़ने की अनुमति दी है।
राज सिंह की मां ने कहा कि उनका बेटा निर्दोष है और सच्चाई सामने लाने के लिए सभी सबूतों की जांच जरूरी है। उन्होंने सरकार और जांच एजेंसियों से अपील की कि उन्हें निष्पक्ष तरीके से न्याय मिले। उन्होंने जोर देकर कहा, “मेरा बेटा निर्दोष है। मैं चाहती हूं कि सरकार हमारी बात सुने और सबूतों के आधार पर सच्चाई सामने आए। हमें उम्मीद है कि न्याय मिलेगा।”