राष्ट्रीय

राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहने वाले अधीर रंजन चौधरी पर बरसीं स्मृति ईरानी, कांग्रेस ने कहा- एक चूक को न बनाएं मुद्दा

Derogatory Remark on President: कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर अशोभनीय टिप्पणी की। इस टिप्पणी के बाद से कांग्रेस चारों तरफ से घिर गई है। वहीं, स्मृति ईरानी ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस व उसके नेताओं से माफी की मांग की है।

2 min read
Jul 28, 2022
Smriti Irani attacks Adhir Ranjan Chowdhury

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति मुर्मू पर अशोभनीय टिप्पणी की। इससे बीजेपी बौखला गई है और आज देशभर में कांग्रेस के खिलाफ राष्ट्रपति का अपमान करने को लेकर विरोध प्रदर्शन करने वाली है। अधीर रंजन चौधरी ने आदिवासी महिला राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहा था जिसके बाद से कांग्रेस चारों तरफ से घिरने लगी है। अब स्मृति ईरानी ने कांग्रेस व उसके नेताओं से देश की राष्ट्रपति और देश की जनता से माफी की मांग की है। बीजेपी द्वारा कांग्रेस को घेरे जाने पर कांग्रेस सांसद ने सफाई दी है कि उनके मुंह से गलती से गलत शब्द निकल गया था। उनका कहना है कि बीजेपी जानबूझकर इसे मुद्दा बना रही है।

अधीर रंजन ने दी सफाई
राष्ट्रपति को ‘राष्ट्रपत्नी’ कहने वाले अधीर रंजन चौधरी ने अब इस मुद्दे पर सफाई देते हुए कहा है कि 'बीजेपी उनकी एक चूक को मुद्दा बना रही है। उनके मुंह से गलती से गलत शब्द निकल गया था।' वहीं, सोनिया गांधी का भी कहना है कि अधीर ने पहले ही माफी मांग ली है। इसके बावजूद बीजेपी जमकर कांग्रेस नेता की टिप्पणी का विरोध कर रही है।

स्मृति ईरानी ने कांग्रेस को घेरा
इससे पहले केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस को घेरते हुए मीडिया से बातचीत में कहा, "कांग्रेस पार्टी ने द्रौपदी मुर्मू को 'कठपुतली' कहा, अशुभ और अमंगल का प्रतीक कहा और एक ऐतिहासिक चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस आज भी इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही कि एक आदिवासी महिला देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद को सुशोभित कर रही है। सोनिया गांधी द्वारा नियुक्त नेता सदन अधीर रंजन चौधरी ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्र की पत्नी के रूप में संबोधित किया।"

ये संवैधानिक पद की गरिमा पर हमला है
केन्द्रीय मंत्री ने आगे कहा, "ये जानते हुए कि ये सम्बोधन भारत के हर मूल्य और संस्कार के विरुद्ध है और ये सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा पर हमला करता है फिर भी कांग्रेस नेता ने ये घृणित कार्य किया।"

कांग्रेस आदिवासी विरोधी है
केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मीडिया से बातचीत में कहा, "ये दुनिया और देश जानती है कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी विरोधी है। ये देश जानता है कि कांग्रेस पार्टी गरीब विरोधी और महिला विरोधी है, लेकिन कांग्रेस का इस हद तक गिर जाना कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन एक आदिवासी और गरीब परिवार की महिला का इस प्रकार से अनादर करना, उनकी गरिमा पर प्रहार करना, कांग्रेस ने सोनिया गांधी की अध्यक्षता में ये संस्कारविहीन, मूल्य विहीन और संविधान को चोट पहुंचाने वाला काम किया है।"

राष्ट्रपति व देश की जनता से माफी मांगे कांग्रेस
कांग्रेस व उसके नेताओं से केन्द्रीय मंत्री ने माफी की मांग की है। उन्होंने कहा, "संसद में और सड़क पर कांग्रेस पार्टी और उनके नेताओं को राष्ट्र के प्रथम नागरिक, देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और देश से माफी माँगनी चाहिए।"

Updated on:
28 Jul 2022 11:32 am
Published on:
28 Jul 2022 11:31 am
Also Read
View All