राष्ट्रीय

पुणे में प्रेम संबंधों का खौफनाक अंत, प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या के बाद रातभर शव के पास बैठा रहा इंजीनियर प्रेमी

Pune Murder Case: पुणे के हिंजवड़ी में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने विवाद के बाद अपनी प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पूरी रात प्रेमिका के शव के पास बैठा रहा और अगले दिन खुद पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 8:16 PM IST
Pune Girlfriend Murder
कोमल डहाके। फाइल फोटो- पत्रिका

Pune Girlfriend Murder: महाराष्ट्र के पुणे स्थित हिंजवड़ी में प्रेम संबंधों का दर्दनाक अंत हो गया। शादी करने की तैयारी कर रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने विवाद के बाद अपनी प्रेमिका की पीट-पीटकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि प्रेमिका की मौत के बाद आरोपी पूरी रात उसके शव के पास बैठा रहा। अगले दिन उसने खुद पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर फोन कर हत्या की बात कबूल की।

दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर

मृतका की पहचान कोमल डहाके के रूप में हुई है, जबकि आरोपी प्रेमी शुभम ज्ञानेश्वर कालबांडे है। दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। शुभम हिंजवड़ी स्थित इन्फोसिस कंपनी में काम करता था, जबकि कोमल विप्रो में नौकरी करती थी। दोनों पिछले दो से तीन साल से एक साथ रह रहे थे। उनके प्रेम संबंधों की जानकारी दोनों परिवारों को थी और शादी के लिए भी परिवारों की सहमति मिल चुकी थी।

दूसरी लड़की से संबंध होने का था शक

पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। कोमल को शक था कि शुभम का किसी दूसरी लड़की से प्रेम संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। घटना वाली रात भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर शुभम ने कोमल के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने कोमल के सिर और गले पर लात-घूंसों से हमला किया। गंभीर चोट लगने से कोमल बेहोश हो गई और उसकी मौत हो गई।

खुद पुलिस को दी हत्या की सूचना

इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि कोमल की मौत के बाद भी शुभम पूरी रात उसके शव के पास बैठा रहा। अगले दिन उसने पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर फोन किया और अपनी प्रेमिका की हत्या करने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही हिंजवड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जब पीजी में पहुंची तो कोमल बेसुध हालत में पड़ी थी।

आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी शुभम को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। दोनों उच्च शिक्षित थे और नामी आईटी कंपनियों में काम करते थे। परिवारों की सहमति से उनकी शादी भी होने वाली थी, लेकिन आपसी शक और विवाद ने इस रिश्ते का अंत एक हत्या के रूप में कर दिया। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।

Updated on:
23 Nov 2026, 8:16 PM IST
Published on: