
CJP protest update Today: नीट पेपर लीक और परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े छात्रों का आंदोलन दिन-प्रति दिन उग्र होता जा रहा है, लेकिन मसला जल्द सुलझता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है। एक तरफ जहां केंद्र सरकार संसद में चर्चा को तैयार है, वहीं विपक्ष पहले धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इन सबके बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने गुरुवार को बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने लाठी चार्ज के सवाल पर कहा, मैं लाठीचार्ज के बारे में पहले ही बोल चुका हूं। यह बहुत बेरहम था। हम इसे करने वाले पुलिस अधिकारियों को कोर्ट में ले जाएंगे। आज हमारे प्रोटेस्ट का 34वां दिन है। सोनम सर की भूख हड़ताल जारी है। आज उनकी भूख हड़ताल का 26वां दिन है, इसलिए जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं। हमारा प्रोटेस्ट जारी रहेगा। लेकिन हम सोनम सर से रिक्वेस्ट कर रहे हैं कि वे अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दें, क्योंकि हम उनकी जान नहीं गंवा सकते…'
भाजपा पर आरोप लगाते हुए अभिजीत दीपके ने कहा, 'बाहर से लोगों को आंदोलन में व्यवधान डालने के लिए भेजा जा रहा है। हम पिछले एक महीने से यहां बैठे हैं और इस दौरान ऐसी कोई घटना नहीं हुई। लेकिन अब जब आंदोलन बड़ा हो गया है, तो भाजपा की ओर से गुंडों को भेजकर लोगों को उकसाया जा रहा है।'
दीपके ने आगे आरोप लगाया कि भाजपा के लोग ही पथराव कर रहे हैं। पुलिस यहां पत्थरों से भरे ट्रक लेकर आती है, फिर भाजपा के गुंडे पत्थर फेंकते हैं और बाद में CJP के लोगों को बदनाम किया जाता है।'
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को समझौता न करने योग्य बताते हुए कहा कि जब तक यह मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
सौरव दास ने बताया कि उन्होंने दिनभर में कई बार सोनम वांगचुक से बात की। इस बात पर सहमति बनी कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक ने भी सार्वजनिक रूप से सभी प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और सही तरीके से आंदोलन करने की अपील की है।