राष्ट्रीय

अन्ना हजारे के आंदोलन को BJP-RSS का समर्थन था, UPA सरकार गिराना था मकसद; सोनिया गांधी ने किताब में किया दावा

सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'Belonging: A Journey of Love' में अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस आंदोलन को BJP और RSS का पर्दे के पीछे से समर्थन हासिल था और इसका मकसद UPA सरकार को सत्ता से हटाना था।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 9:21 PM IST
Sonia Gandhi Latest Statement
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में अन्ना आंदोलन को लेकर किया बड़ा दावा (Photo-IANS)

Sonia Gandhi Book: कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) में अन्ना हजारे के आंदोलन को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को बीजेपी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने पर्दे के पीछे से संगठित और समर्थित किया था। सोनिया गांधी ने कहा कि इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य तत्काली यूपीए सरकार को सत्ता से बेदखल करना था। 

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब में उस दौर के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए लिखा है कि महाराष्ट्र के सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के नेतृत्व में शुरू हुए भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन ने तत्कालीन सरकार को रक्षात्मक स्थिति में ला दिया था। दिल्ली में हुए प्रदर्शनों में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और सरकार को विपक्ष के आक्रामक अभियान का सामना करना पड़ा।

अन्ना हजारे को दिल्ली लाकर शुरू किया गया अनशन

किताब में सोनिया गांधी ने दावा किया कि सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे को बड़े प्रचार के साथ दिल्ली लाया गया था। यहां उन्होंने लोकपाल की नियुक्ति की मांग को लेकर अनशन शुरू किया। आंदोलन का उद्देश्य भ्रष्टाचार के मामलों की जांच के लिए व्यापक अधिकारों से लैस लोकपाल की नियुक्ति करना था।

सोनिया गांधी ने लिखा कि आंदोलन को जनता का व्यापक समर्थन मिला और UPA सरकार इसका प्रभावी जवाब देने में असहज नजर आई। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के कुछ प्रमुख प्रतिभागियों ने बाद में स्वीकार किया था कि इसे BJP और RSS का पर्दे के पीछे से समर्थन हासिल था।

UPA सरकार ने पारित किया लोकपाल कानून

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने कहा कि आंदोलन के दबाव के बीच UPA सरकार ने लोकपाल विधेयक को आगे बढ़ाया। इसका उद्देश्य केंद्र में लोकपाल और राज्यों में लोकायुक्तों के माध्यम से सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच का तंत्र विकसित करना था।

उन्होंने किताब में आरोप लगाया कि 2014 में BJP के सत्ता में आने के बाद लोकपाल व्यवस्था धीरे-धीरे प्रभावहीन होती चली गई। उनके अनुसार, लोकपाल की संस्था लगभग अदृश्य हो गई और भ्रष्टाचार के खिलाफ उसकी भूमिका सीमित रह गई।

मनमोहन सिंह पर हुए हमलों का भी किया जिक्र

किताब में सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल और उस समय के राजनीतिक माहौल का भी उल्लेख किया है। सोनिया गांधी ने उनके खिलाफ चलाए गए अभियान को दुर्भावनापूर्ण बताया है।

उन्होंने लिखा कि तमाम राजनीतिक हमलों और आलोचनाओं के बावजूद मनमोहन सिंह ने अपनी गरिमा बनाए रखी। इस दौरान उनका एक बयान भी किताब में याद किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'इतिहास मेरे प्रति मीडिया से ज्यादा उदार होगा।'

2014 से पहले मोदी को आगे बढ़ाने की तैयारी का दावा

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले RSS की रणनीति का भी जिक्र किया है। उन्होंने दावा किया कि UPA-II सरकार का दूसरा कार्यकाल समाप्त होने के दौरान RSS नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में स्थापित करने की तैयारी कर रहा था।

उस समय मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे। सोनिया गांधी के अनुसार, RSS ने उनके संगठनात्मक कौशल और लोकप्रियता का इस्तेमाल कर देशभर में एक व्यापक चुनावी अभियान खड़ा करने की दिशा में काम किया।

Updated on:
10 Nov 2026, 9:21 PM IST
Published on: