
Sonia Gandhi Book: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में कैंसर से अपनी जंग के कई अनसुने किस्से साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि साल 2010 में ब्रेस्ट कैंसर की सर्जरी के लिए उन्होंने मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल के बजाय इटली के मिलान स्थित यूरोपियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी को चुना था। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह अपनी बीमारी को लेकर निजता बनाए रखना और परिवार के करीब रहना था। बाद में अग्न्याशय (पैंक्रियाज) में गांठ का पता चलने पर उन्होंने नीदरलैंड के रॉटरडैम में भी इलाज करवाया।
जब सोनिया गांधी को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का पता चला, तो उनके सामने इलाज की जगह चुनने को लेकर कई बड़े विकल्प थे। लोगों को यह अनुमान था कि वह या तो मुंबई के प्रसिद्ध टाटा मेमोरियल अस्पताल जाएंगी या फिर अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित मेमोरियल स्लोन केटरिंग कैंसर सेंटर में अपना इलाज करवाएंगी। लेकिन सोनिया गांधी ने इन दोनों जगहों को छोड़कर इटली और नीदरलैंड के अस्पतालों को चुना।
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में विदेश में इलाज कराने के पीछे दो मुख्य वजहें बताई हैं। पहली वजह थी प्राइवेसी यानी निजता। उन्होंने लिखा कि उनके मन में यह सवाल था कि क्या उन्हें मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल में सर्जरी करवानी चाहिए या विदेश जाना चाहिए। सोनिया गांधी ने लिखा है कि उनकी बीमारी को लेकर मीडिया में होने वाली चर्चा उनके लिए बेहद तकलीफदेह और गुस्सा दिलाने वाली थी। उनका मानना था कि भले ही वह एक सार्वजनिक हस्ती थी, लेकिन इसका मतलब यह नहीं था कि बीमारी के दौरान उन्हें थोड़ी-सी निजता का अधिकार भी न मिले। दूसरी वजह परिवार का साथ और नजदीकी थी। मिलान के बाहरी इलाके में स्थित यूरोपियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी उनके परिवार के करीब था। वहां उनकी बहनें नादिया और अनूश्का आसानी से उनके पास रह सकती थी, जिससे उन्हें भावनात्मक और पारिवारिक सहारा मिल सकता था।
सोनिया गांधी ने साल 2010 में मिलान के यूरोपियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी से अपनी सर्जरी करवाई थी। इस अस्पताल की स्थापना मशहूर ब्रेस्ट कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ. अम्बर्टो वेरोनेसी ने की थी। खास बात यह है कि सोनिया गांधी की सर्जरी खुद डॉ. वेरोनेसी ने ही की थी। डॉ. वेरोनेसी वही डॉक्टर हैं जिन्होंने ब्रेस्ट-कंजर्विंग सर्जरी (क्वाड्रैंटेक्टॉमी) तकनीक बनाई थी, जिसमें पूरे ब्रेस्ट को हटाने की बजाय सिर्फ खराब हिस्से को ही हटाया जाता है। सर्जरी के बाद जब सोनिया गांधी होश में आ रही थी, तो डॉक्टर वेरोनेसी ने उनके पास आकर कहा था कि चिंता मत करो, सब कुछ ठीक हो गया है और बीमारी का कोई भी अंश बाकी नहीं है। इस बात को सुनकर सोनिया गांधी को बहुत बड़ी राहत मिली थी।
अपनी इस सर्जरी के ठीक एक साल बाद, जब सोनिया गांधी ने रूटीन फॉलो-अप जांच करवाई, तो उनके अग्न्याशय (पैंक्रियाज) में एक छोटी सी गांठ का पता चला। इसके बाद उन्हें नीदरलैंड के रॉटरडैम स्थित इरास्मस टीचिंग हॉस्पिटल जाने की सलाह दी गई। वहां उन्होंने प्रसिद्ध पैंक्रियाज सर्जन डॉ. कैस्पर वैन आइक से अपनी दूसरी सर्जरी करवाई। डॉक्टर कैस्पर ने उन्हें बताया था कि वह काफी भाग्यशाली हैं कि ट्यूमर का पता कैंसर बनने से पहले ही शुरुआती स्टेज में चल गया था। इसके लिए सोनिया गांधी ने दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल के उन डॉक्टरों का भी तहेदिल से शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने समय रहते इस बीमारी का सही संकेत दे दिया था।