
Sonia Gandhi Book: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) में 1999 में केंद्र में सरकार बनाने की कोशिश के दौरान के अपने अनुभवों को शेयर किया है। उन्होंने किताब में लिखा कि राष्ट्रपति भवन में सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद जब वह पत्रकारों के सामने पहुंचीं, तो उनका दिल बैठ गया था।
बता दें कि 1999 में एआईएडीएमके नेता जयललिता ने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार से समर्थन वापस ले लिया था। इसके बाद लोकसभा में विश्वास मत के दौरान वाजपेयी सरकार महज एक वोट से हार गई थी। सरकार गिरने के बाद कांग्रेस ने क्षेत्रीय दलों और वामपंथी पार्टियों के साथ मिलकर वैकल्पिक सरकार बनाने की कोशिश शुरू की।
उस समय 543 सदस्यीय लोकसभा में सरकार बनाने के लिए 272 सांसदों का समर्थन जरूरी था। सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के पास 233 सांसदों का समर्थन था। इसके अलावा कुछ अन्य नेताओं और दलों ने भी समर्थन देने का भरोसा दिया था।
सोनिया गांधी को उम्मीद थी कि बातचीत के बाद जरूरी संख्या पूरी हो जाएगी। इसी विश्वास के साथ वह राष्ट्रपति से मिलने और सरकार बनाने का दावा पेश करने पहुंचीं।
उन्होंने किताब में लिखा कि राष्ट्रपति भवन के बाहर पत्रकारों के सवालों ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं। सोनिया गांधी ने लिखा कि इतनी बड़ी संख्या में पत्रकारों का पहली बार सामना करते हुए उनके लिए आत्मविश्वास बनाए रखना बेहद मुश्किल था। उनके साथ पार्टी के नेता मौजूद थे, फिर भी वह अंदर से कांप रही थीं।
उन्होंने बताया कि एक पत्रकार ने उनसे पूछा- सोनिया गांधी, बताइए कि आपने 272 के इस आंकड़े तक पहुंचने का हिसाब कैसे लगाया है? वहीं एक अन्य पत्रकार ने सवाल किया कि क्या उनकी पार्टी के अहंकार ने इस राजनीतिक संकट को जन्म दिया है? कुछ पत्रकारों ने यह भी कहा कि उनके पास मौजूद जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी का संख्याबल का आकलन गलत है।
सोनिया गांधी ने जवाब दिया कि सहयोगी दलों के नेताओं के साथ विचार-विमर्श के बाद ही यह आंकड़ा तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि भले ही उस समय कुछ सांसदों की कमी थी, लेकिन उन्हें विश्वास था कि जरूरी समर्थन जुटा लिया जाएगा। अन्य दलों के साथ बातचीत जारी थी।
हालांकि, सोनिया गांधी का यह भरोसा ज्यादा समय तक कायम नहीं रह सका। उन्होंने अपनी किताब में स्वीकार किया कि जिन नेताओं और दलों ने समर्थन का आश्वासन दिया था, वे बाद में अपने वादे पर खरे नहीं उतरे।
उनके मुताबिक, बातचीत में शामिल कई नेताओं की प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा भी वैकल्पिक सरकार बनाने की राह में बाधा बनी। गठबंधन में प्रधानमंत्री पद के दावेदारों की संख्या इतनी बढ़ गई कि सभी को साथ रखना मुश्किल हो गया।
सोनिया ने अपनी किताब में लिखा कि कांग्रेस के कुछ नेता भी इस संभावित राजनीतिक गठबंधन के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी खुद प्रधानमंत्री बनने की कोई इच्छा नहीं थी। इसके बावजूद उन्होंने माना कि बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार को हटाने की कोशिश में उन्होंने जल्दबाजी की।
सोनिया गांधी ने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह की सलाह सुननी चाहिए थी, जिन्होंने उन्हें सावधानी बरतने की सलाह दी थी। इसके बजाय उन्होंने एक अन्य नेता की बात पर भरोसा किया, जिसके बारे में बाद में उन्हें पता चला कि वह पूरी तरह बेईमान था। हालांकि, उन्होंने उस नेता का नाम उजागर नहीं किया।
वैकल्पिक सरकार बनाने की कोशिश नाकाम होने के बाद बीजेपी ने नए चुनाव का रास्ता चुना। करीब एक महीने तक चले चुनाव प्रचार के बाद 20 सहयोगी दलों वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में फिर सत्ता हासिल की।
जब सोनिया गांधी से पूछा गया कि क्या वाजपेयी सरकार को गिराने की कोशिश करना उनकी गलती थी, तो उन्होंने इस सवाल को अलग तरीके से देखने की बात कही।
उन्होंने अपनी किताब में लिखा- हमने उन्हें नहीं गिराया था, उनका अपना गठबंधन टूट गया था।
हालांकि, उन्होंने अपनी राजनीतिक रणनीति में हुई चूक स्वीकार की। सोनिया गांधी के मुताबिक, उनकी पार्टी कुछ लोगों के समर्थन के आश्वासनों पर निर्भर थी, लेकिन वे आश्वासन पूरे नहीं हुए।