
नागपुर। नागपुर के पांचपावली इलाके में 10 साल की बच्ची के साथ उसके सौतेले पिता की ओर से बार-बार यौन शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। बच्ची के शरीर पर संदिग्ध निशान देखकर मां को पति पर शक हुआ। घर में क्या हो रहा है, इसका पता लगाने के लिए उसने टीवी के पीछे चुपके से सीसीटीवी कैमरा लगा दिया। कैमरे की लाइव फुटेज अपनी सहेली के मोबाइल पर देखने की व्यवस्था की। करीब एक साल तक हुई रिकॉर्डिंग में बच्ची के साथ हो रही ज्यादती सामने आने का दावा है। पुलिस ने 45 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बच्ची अपनी मां और सौतेले पिता के साथ पांचपावली इलाके में रहती है। कुछ समय से मां को बच्ची के शरीर पर संदिग्ध निशान दिखाई दे रहे थे। उसे आशंका हुई कि बेटी के साथ कुछ गलत हो रहा है। उसने पति की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की, लेकिन घर में होने वाली घटनाओं की जानकारी नहीं मिल पा रही थी। इसके बाद मां ने घर में गुपचुप कैमरा लगाने का फैसला किया। उसने टीवी के पीछे सीसीटीवी कैमरा लगाया और उसका लाइव फुटेज अपनी एक सहेली के मोबाइल पर देखने की व्यवस्था की। इस तरह वह घर से बाहर रहते हुए भी वहां की गतिविधियों पर नजर रख पा रही थी।
कैमरे की रिकॉर्डिंग में सौतेले पिता की ओर से बच्ची का यौन शोषण किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद मां ने बेटी से इस बारे में पूछताछ की। बच्ची ने बताया कि आरोपी उसके साथ कई बार गलत हरकत कर चुका है। वह किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था। इसी डर से बच्ची अब तक चुप थी। बेटी की बात सुनने के बाद मां ने पांचपावली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, गंभीर यौन उत्पीड़न, जान से मारने की धमकी और पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने 45 वर्षीय सौतेले पिता को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच पांचपावली पुलिस कर रही है। बच्ची के साथ लंबे समय से हो रहे शोषण का मामला सामने आने के बाद पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।