राष्ट्रीय

‘तुम किसी काम के नहीं हो’ टीचर ने क्लास में की बेइज्जती, हॉस्टल के कमरे में फंदे से झूला छात्र

Student Sucide: बेंगलुरु में बैंकिंग परीक्षा की तैयारी कर रहे बिहार के एक छात्र ने टीचर द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के बाद आत्महत्या करके अपनी जान दे दी। पुलिस ने कोचिंग संस्थान के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
May 20, 2026
Karnatak Police
कर्नाटक पुलिस (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Student Sucide: कर्नाटक के बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां टीचर द्वारा मानसिक प्रताड़ना और सार्वजनिक बेइज्जती किए जाने से परेशान एक छात्र ने आत्महत्या करके अपनी जान दे दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक छात्र मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और मार्च में ही बैंकिंग परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेंगलुरु आया था। छात्र की पहचान 23 वर्षीय चुन्नू कुमार के रूप में हुई है। सोमवार को चुन्नू का शव उसके हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला था।

परिवार ने लगाया शिक्षकों पर आरोप

जानकारी के अनुसार चुन्नू बेंगलुरु में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस क्षेत्र की तैयारी कराने वाली मणिपाल एकेडमी में कोचिंग कर रहा था। चुन्नू के परिवार ने संस्थान के शिक्षकों और प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि चुन्नू को लगातार मानसिक रूप से प्रताडित किया गया, क्लास में सार्वजनिक अपमान किया गया और उन पर जरूरत से ज्यादा प्रोजेक्ट वर्क का दबाव डाला गया। घटना के बाद पूरे मामले ने शिक्षा संस्थानों में छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर बहस छेड़ दी है।

लंबे समय से मानसिक दबाव में था चुन्नू

परिवार द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार चुन्नू कुमार को कुछ विषयों में असफल होने के बाद शिक्षकों द्वारा लगातार निशाना बनाया जा रहा था। सहपाठियों और दोस्तों ने भी आरोप लगाया कि उसे क्लास के सामने गुड फोर नथिंग (किसी काम के नहीं हो) कहा जाता था। शिकायत में कहा गया है कि शिक्षकों ने बार-बार अपमानित कर उसका आत्मविश्वास तोड़ दिया था। चुन्नू ने कई दोस्तों से अपनी मानसिक स्थिति और तनाव के बारे में बात की थी। रूममेट अंकित शर्मा ने भी परिवार को बताया कि चुन्नू अक्सर अवसाद में चला जाता थे और लगातार दबाव में रहता था। अंकित उसे संभालने और हिम्मत देने की कोशिश करता था, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते चले गए।

हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका छात्र

परिवार की ओर से दर्ज एफआईआर के मुताबिक चुन्नू 18 मई को अपने दोस्त निखिल तिवारी के साथ परीक्षा देने गया था। दोपहर करीब साढे बारह बजे वह परीक्षा बीच में छोड़कर हॉस्टल लौट आया था। शाम करीब साढे पांच बजे जब अंकित कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज लगाने और फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद अंकित ने बालकनी की खिड़की से अंदर देखा तो चुन्नू फंदे से लटका हुआ था। घटना के बाद हॉस्टल और संस्थान में अफरा तफरी मच गई। परिवार ने आरोप लगाया कि संस्थान प्रबंधन ने पुलिस को तुरंत सूचना नहीं दी और खुद ही शव को कमरे से बाहर निकाला।

पुलिस कर रही मामले की जांच

कर्नाटक राज्य पुलिस ने मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने, धमकी, मानसिक उत्पीडन, मौखिक अपमान और डराने धमकाने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया है। शिकायत में विभाग प्रमुख चंद्रशेखर कन्नहैया, शिक्षिका सुनिथासरी जगताप, प्रोग्राम प्रमुख वेंकटेश केवी और अन्य अधिकारियों के नाम शामिल हैं। दोस्तों ने यह भी आरोप लगाया कि संस्थान प्रबंधन छात्रों पर शिकायत नहीं करने का दबाव बना रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि अकादमी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Updated on:
20 May 2026 02:13 pm
Published on:
20 May 2026 02:13 pm