
Madurai Deepathoon controversy: मदुरै के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर चल रहे विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को तमिलनाडु सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों पर कड़ी टिप्पणी की। अदालत ने पहाड़ी की सुरक्षा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंपने का आदेश दिया है। साथ ही, मंदिर के ट्रस्टियों के बोर्ड को निलंबित कर दिया है और अधिकारियों को दीपथून नामक पत्थर के स्तंभ पर शनिवार को दीपक जलाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।
अदालत ने मंदिर के ट्रस्टियों को प्रबंधन में विफल मानते हुए इसकी जिम्मेदारी कोर्ट रिसीवर को सौंपने का आदेश दिया है। कोर्ट रिसीवर मंदिर की पूजा-पद्धति और परंपराओं का पालन करते हुए व्यवस्थाएं संभालेंगे। राज्य सरकार को उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। अदालत ने माना कि अधिकारी उसके आदेशों को लागू कराने में नाकाम रहे। इसके मद्देनजर कोर्ट ने मदुरै में CRPF कमांडेंट को मंदिर और दरगाह, दोनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया है। CRPF कमांडेंट यह सुनिश्चित करेंगे कि दोनों धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और इलाके में शांति तथा कानून-व्यवस्था कायम रहे।
तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम के अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के प्रबंधन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा कदम उठाया है। अदालत ने मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज को निलंबित करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था अपने नियंत्रण में ले ली है। मंदिर के संचालन की जिम्मेदारी दो न्यायाधीशों वाली समिति को सौंपी गई है। यह कार्रवाई 20 नवंबर को दिए गए सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं होने के बाद की गई है। अदालत ने अपने आदेश में मदुरै की तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर एक बार दीपम जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, कोर्ट के निर्देश के बावजूद 24 नवंबर को वहां दीप नहीं जलाया गया।
विवाद मदुरै के तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून नामक पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर है। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अंतरिम आदेश देते हुए 24 नवंबर को इस स्तंभ पर दीपक जलाने की एक बार की अनुमति दी थी।
हालांकि, 24 नवंबर को दीपक पहाड़ी के ऊपर स्थित दीपथून पर जलाने के बजाय उचिपिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक दीप मंडपम में ही जलाया गया। इसके बाद याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु सरकार और मंदिर प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया। इसी को लेकर अदालत में अवमानना याचिकाएं दाखिल की गईं।