
BS6 vehicles: दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। कोर्ट ने कहा कि दिल्ली में सिर्फ बीएस-6 मानक वाले वाहनों को ही चलने की अनुमति मिलनी चाहिए। साथ ही इस व्यवस्था को धीरे-धीरे पूरे एनसीआर में लागू करने की जरूरत है। कोर्ट ने यह भी कहा कि अगले पांच साल में दिल्ली में व्यावसायिक वाहनों की एंट्री रोकने का विकल्प तलाशा जाना चाहिए। न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची ने सुनवाई के दौरान कहा कि दिल्ली में कम से कम बीएस-6 मानक वाले वाहनों को ही अनुमति मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण कम करने में बीएस-6 मानकों का पालन सबसे ज्यादा मददगार साबित हो सकता है। इसलिए समय के साथ इसे पूरे एनसीआर में लागू करना जरूरी है। सुनवाई के दौरान एक वकील राकेश खन्ना ने 15 साल से अधिक पुराने वॉल्वो वाहन के मालिक का पक्ष रखा। उन्होंने कोर्ट को बताया कि सुप्रीम कोर्ट पहले बीएस-4 वाहनों को दंडात्मक कार्रवाई से छूट दे चुका है, लेकिन उनके मुवक्किल को अब भी ईंधन नहीं मिल रहा है।
इसी मामले पर सुनवाई के दौरान बीएस-6 वाहनों को ही दिल्ली में अनुमति देने का सुझाव सामने आया। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने यह सवाल भी उठाया कि व्यावसायिक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने से कैसे रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को जरूरी सामान की भी जरूरत है। ऐसे में इसका विकल्प तलाशना होगा। यह व्यवस्था इस साल या अगले साल लागू करना संभव नहीं है, लेकिन अगले पांच साल में ऐसा क्यों नहीं किया जा सकता।
कोर्ट ने दिल्ली के प्रदूषण संकट में पड़ोसी राज्यों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान जैसे पड़ोसी राज्यों को इस समस्या से निपटने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने इन राज्यों के रवैये पर हैरानी जताई। पीठ ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के महाधिवक्ताओं को अदालत में पेश होने के लिए कहा है। साथ ही तीनों राज्यों को दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण कम करने के लिए अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने के निर्देश दिए हैं।