राष्ट्रीय

जब सोनिया गांधी ने कहा था कि पीएम नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीर नहीं पोस्ट करनी चाहिए, सुप्रिया श्रीनेत ने सुनाया पुराना किस्सा

सुप्रिया श्रीनेत ने सोनिया गांधी के बारे में एक पुराना किस्सा सुनाया है जब उन्होंने कहा था कि पीएम नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट नहीं करनी चाहिए।
2 min read
• •
Updated: 18 Nov 2026, 6:49 PM IST
Supriya Shrinate
सुप्रिया श्रीनेत (Photo - ANI)

सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) ने 10 नवंबर को रिलीज़ होने के बाद से ही चर्चा का विषय बनी हुई है। 16 नवंबर को दिल्ली के एक होटल में इसका आधिकारिक लॉन्चिंग इवेंट भी आयोजित किया गया। कांग्रेस (Congress) और इंडिया गठबंधन के अन्य राजनीतिक दलों के नेता सोनिया की इस किताब का बढ़-चढ़कर समर्थन कर रहे हैं, तो वहीँ बीजेपी (BJP) और उसकी समर्थक पार्टियों के नेता इस किताब में लिखी कई बातों की आलोचना कर रही है। अब कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत (Supriya Shrinate) ने एक इंटरव्यू में सोनिया से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाया है।

पीएम नरेंद्र मोदी की गलत तस्वीर नहीं पोस्ट करनी चाहिए

एक इंटरव्यू के दौरान सुप्रिया ने बताया कि 2024 में उन्हें एक कॉल आया कि सोनिया उनसे मिलना चाहती हैं। जब दोनों की मुलाकात हुई तब सोनिया ने कहा, 'सुप्रिया, मैंने इंस्टाग्राम पर पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) का एक कैरिकेचर (व्यंग्यात्मक चित्र) देखा, और मुझे नहीं लगता कि यह सही है। आखिरकार वह भारत के प्रधानमंत्री हैं।'' इस मामले पर बात करते हुए सुप्रिया ने बताया कि उन्हें याद नहीं कि कांग्रेस ने कभी भी पीएम मोदी के बारे में ऐसा कुछ आपत्तिजनक पोस्ट किया हो, लेकिन सोनिया ने सोचा कि शायद उन्होंने ऐसा कुछ किया है और ऐसा नहीं करना चाहिए।

भद्दी बातचीत पर जाहिर की प्रतिक्रिया

इंटरव्यू के दौरान भद्दी बातचीत पर बात करते हुए सुप्रिया ने कहा, "क्या तब बातचीत भद्दी नहीं थी जब सोनिया गांधी को अपशब्द कहे जा रहे थे? क्या तब बातचीत भद्दी नहीं थी जब आप एक प्रधानमंत्री के बेटे (राहुल गांधी) को तरह-तरह की बातें कह रहे थे? यह सब ऊपर से शुरू होता है। अगर प्रधानमंत्री 'मुजरा', 'मंगलसूत्र', 'कांग्रेस की विधवा' और '50 करोड़ की गर्लफ्रेंड' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करेंगे, तो इसका असर नीचे तक जाएगा। मुझे इसमें कोई शक नहीं है।"

मॉर्फिंग करना और भद्दी बातें कहना बर्दाश्त नहीं

सुप्रिया ने आगे कहा, "तेलंगाना, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की बीजेपी यूनिट्स ने सोनिया गांधी की एक आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट की थी, जिसे मैंने बीजेपी के कुछ शीर्ष नेताओं से बात करके हटवाया। राजनीतिक नेताओं की मॉर्फ की गई तस्वीरें आधिकारिक हैंडल से नहीं डाली जा सकतीं। प्रधानमंत्री या सोनिया गांधी पर व्यंग्यात्मक वीडियो बनाने से मुझे कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन मॉर्फिंग करना और भद्दी बातें कहना, मैं इसे कभी बर्दाश्त नहीं करूंगी। अगर कांग्रेस भी ऐसा करती है, तो भी मैं इसे बर्दाश्त नहीं करूंगी।"