
नई दिल्ली। एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले की बेटी रेवती सुले के वेडिंग रिसेप्शन में अलग ही राजनीतिक नजारा दिखा। दिल्ली के 6 जनपथ पर आयोजित इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अखिलेश यादव समेत पक्ष और विपक्ष के कई दिग्गज नेताओं ने शिरकत की। कार्यक्रम के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं।
एक वीडियो में देखने को मिला कि मंच के पास गृह मंत्री अमित शाह हाथों को पीछे बांधे अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे और उनसे महज कुछ ही दूरी पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खड़े थे। सुप्रिया सुले ने अमित शाह से 'जाए आप' कहकर मंच पर जाने का आग्रह किया। गृह मंत्री ने हाथ जोड़कर नवदंपति को बधाई दी, वहीं जोड़े ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
अमित शाह के मंच से उतरते ही सुप्रिया सुले ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को मंच पर आमंत्रित किया। मंच पर फोटो खिंचवाते समय सोनिया गांधी नवदंपति के ठीक बीच में और राहुल-प्रियंका उनके अगल-बगल खड़े नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो रहा है।
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शिरकत की। पीएम मोदी ने वरिष्ठ नेता शरद पवार और उनकी पत्नी से मुलाकात की और फिर मंच पर जाकर नवदंपति रेवती सुले व नागपुर के उद्योगपति सारंग लखानी को आशीर्वाद दिया।
रिसेप्शन में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, चिराग पासवान, गजेंद्र सिंह शेखावत, रामदास अठावले, गिरिराज सिंह, पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी, कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और आईओए अध्यक्ष पीटी उषा समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एक ही टेबल पर बैठकर हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत करते देखे गए। सोनिया गांधी खुद उस टेबल तक गईं जहां सपा प्रमुख अखिलेश यादव बैठे थे और उनसे कुशलक्षेम पूछी। रेवती और सारंग का विवाह इस वर्ष जून में मुंबई में हुआ था, जिसके बाद सोमवार रात दिल्ली में इस भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया गया था।