राष्ट्रीय

Surat Metro Rail Project: सूरत में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट ने बदला शहर का ट्रैफिक रूट, आंजणा रेलवे अंडरब्रिज 11 जनवरी तक बंद

Surat Metro Project: सूरत में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के चलते आंजणा रेलवे अंडरब्रिज 11 जनवरी 2027 तक बंद रहेगा। इस दौरान ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 3:52 PM IST
Surat Metro Project
सूरत मेट्रो प्रोजेक्ट। फाइल फोटो- पत्रिका

Anjana Railway Underbridge: सूरत शहर में मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के तहत चल रहे तेज विकास कार्यों के बीच यातायात को सुचारू बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक अहम कदम उठाया गया है। गुजरात मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से रघुकुल गरनाला के पास यूटिलिटी ट्रेंचिंग और 74 मीटर लंबे रेलवे क्रॉसिंग स्पान की असेंबली तथा निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है।

अस्थाई ट्रैफिक डायवर्जन लागू

इस महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य के चलते आंजणा रेलवे अंडरब्रिज को बंद रखकर अस्थाई ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने के संबंध में सूरत शहर के पुलिस आयुक्त वाबांग जमीर ने अधिसूचना जारी की है। जारी अधिसूचना के अनुसार निर्माण कार्यों के दौरान आंजणा फार्म से रघुकुल गरनाला होते हुए कमेला दरवाजा की ओर जाने वाला मार्ग केवल वन-वे ट्रैफिक के लिए खुला रहेगा। वहीं कमेला दरवाजा से रघुकुल गरनाला होते हुए आंजणा फार्म की ओर आने-जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद रहेगा।

भारी वाहनों की आवाजाही पर भी पूर्ण प्रतिबंध

इसके साथ ही इस रूट पर सभी प्रकार के भारी वाहनों की आवाजाही पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है, ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए और जाम की स्थिति से बचा जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रतिबंध से ड्यूटी पर तैनात पुलिस वाहनों, आवश्यक सेवा वाहनों, फायर फाइटर, एम्बुलेंस, सूरत महानगरपालिका और अन्य सरकारी वाहनों को पूरी तरह मुक्त रखा गया है। हालांकि वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने वाले भारी वाहनों और लग्जरी बसों को पूर्व के ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। यह अधिसूचना आगामी 11 जनवरी 2027 तक प्रभावशील रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग

यात्रियों और मालवाहक वाहनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने निम्नलिखित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है।

  • वैकल्पिक मार्ग 1: किन्नरी सिनेमा के पास से भाठेना चार रास्ता होते हुए आंजणा फार्म ब्रिज के नीचे से मिलेनियम मार्केट-2 की तरफ जाया जा सकता है।
  • वैकल्पिक मार्ग 2: भाठेना ब्रिज से सम्राट स्कूल से यू-टर्न लेकर सीधे लिम्बायत की ओर पहुंचा जा सकता है।
  • वैकल्पिक मार्ग 3: कमेला दरवाजा मार्केट क्षेत्र से एचटीसी मार्केट, आंजणा फार्म या लिम्बायत जाने वाले चालक कमेला दरवाजा से सहारा दरवाजा, न्यू बॉम्बे मार्केट, सरदार मार्केट से इंटरसिटी खाड़ी ब्रिज से दाहिने मुड़कर उमरवाड़ा रोड के आंतरिक रास्तों का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा इंटरसिटी से आईमाता सर्किल, कबूतर सर्किल और भाठेना ओवरब्रिज के नीचे से भी आवाजाही की जा सकती है।
Updated on:
14 Nov 2026, 3:52 PM IST
Published on: