लॉटरी किंग सैंटियागो मार्टिन की पत्नी लीमा रोज मार्टिन तलिमनाडु चुनाव के सबसे चर्चित चेहरों में से एक है। उन्होंने अपने चुनावी हलफनामें में अपनी 5863.7 करोड़ की संपत्ति का खुलास किया है।
आने वाले कुछ ही समय में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, पुडुचेरी और केरल समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे है। सभी राजनीतिक पार्टियां जोरो-शोरों से चुनाव प्रचार में लग गई है। हजारों प्रत्याशी इन चुनावों में अपना भाग्य आजमाने को तैयार है लेकिन इतने सारे प्रत्याशियों में एक नाम है जो सबका ध्यान अपनी तरफ खींच रहा है। यह नाम है तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले की लालगुडी विधानसभा सीट से अन्नाद्रमुक (AIADMK) की सीट से चुनाव लड़ने वाली लीमा रोज मार्टिन का। लीमा ने हाल ही में अपना चुनावी हलफनामा जारी किया है जिसमें उन्होंने करीब 6 हजार करोड़ की संपत्ति का ब्योरा दिया है।
59 वर्षीय लीमा ने हाल ही में इंडिया जननायक काची का साथ छोड़कर अन्नाद्रमुक का हाथ थामा था। अन्नाद्रमुक ने भी खुले दिल से लीमा का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी और उन्हें पार्टी की महिला शाखा की संयुक्त सचिव बनाया गया। चुनावों से पहले लीमा ने अपनी 5863.7 करोड़ की संपत्ति का खुलास किया है। इसमें उनकी 139.62 करोड़ रुपये, उनके पति की 3262.01 करोड़ रुपये और उनके बेटे की 225.56 करोड़ रुपये की चल संपत्ति शामिल है। इसके अलावा लीमा ने अपनी 909.94 करोड़ रुपये, पति की 887.36 करोड़ रुपये और अपने बेटे की 439.21 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति का ब्योरा भी दिया है।
लीमा के पति और लॉटरी किंग सैंटियागो मार्टिन पहले से ही एक जानी-मानी हस्ती है। सत्ता और सिस्टम में भी मार्टिन परिवार का दबदबा लंबे समय से बना रहा है। सैंटियागो मार्टिन की कंपनी फ्यूचर गेमिंग एंड होटल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड ने 2019 से 2024 तक 1300 करोड़ के चुनावी बॉन्ड खरीदे है। इसमें टीएमसी को करीब 540 करोड़, डीएमके को करीब 500 करोड़, वाईएसआर कांग्रेस को 150 करोड़ से ज्यादा, भाजपा को 100 करोड़ और कांग्रेस को 50 करोड़ दिए गए है। चुनावों की फंडिंग के बाद अब मार्टिन परिवार सीधे राजनीति में उतरने को तैयार है। इस बार सैंटियागो मार्टिन की पत्नी के साथ-साथ उनके बेटे और दामाद भी अलग-अलग पार्टियों की सीट से चुनाव लड़ रहे है।