राष्ट्रीय

Tamil Nadu Election: क्या विजय की पार्टी के साथ गठबंधन करेगी कांग्रेस? जानें एक्टर के पिता के ऑफर पर पार्टी ने क्या कहा

एक्टर विजय के पिता के ऑफर को कांग्रेस ने खारिज कर दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई ने तंज भरे अंदाज में कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किसी बाहरी “बूस्ट” की जरूरत नहीं है।
2 min read
Jan 29, 2026
Tamil Nadu Assembly Elections 2026, Actor Vijay political party, Tamilaga Vettri Kazhagam TVK,
तमिलनाडु में इस साल विधानसभा होंगे (Photo-IANS)

Tamil Nadu Election: तमिलनाडु में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। इसी बीच अभिनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के साथ गठबंधन का न्योता कांग्रेस को दिया गया है। यह प्रस्ताव विजय के पिता एसए चंद्रशेखर की ओर से आया है।

तिरुवरूर जिले में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद मीडिया से बात करते हुए एक्टर विजय के पिता चंद्रशेखर ने कहा कि विजय कांग्रेस को समर्थन देने के लिए तैयार हैं और पार्टी को तमिलनाडु में उसकी “पुरानी सियासी ताकत” वापस दिलाने में मदद करना चाहते हैं।

कांग्रेस को समर्थन देने को तैयार विजय

उन्होंने कहा, “कांग्रेस का इतिहास और विरासत है। विजय उन्हें समर्थन देने को तैयार हैं ताकि पार्टी फिर से अपने पुराने गौरव को हासिल कर सके। अब यह कांग्रेस पर है कि वह इस मौके को स्वीकार करती है या नहीं।”

उन्होंने यह भी दावा किया कि तमिलनाडु में कांग्रेस राजनीतिक रूप से कमजोर हो रही है, लेकिन विजय के समर्थन से उसे नई ऊर्जा मिल सकती है।

हालांकि, अब तक न तो विजय और न ही उनकी पार्टी TVK ने इस गठबंधन प्रस्ताव की आधिकारिक पुष्टि या खंडन किया है।

कांग्रेस ने किया ऑफर खारिज

एक्टर विजय के पिता के ऑफर को कांग्रेस ने खारिज कर दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई ने तंज भरे अंदाज में कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किसी बाहरी “बूस्ट” की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा, “हमारे कार्यकर्ताओं में पहले से ही ऊर्जा है। हमारे नेता राहुल गांधी ही हमें Boost, Horlicks और Bournvita सब कुछ दे रहे हैं।”

DMK से दूरी की अटकलें

इसी बीच सियासी गलियारों में अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस और सत्तारूढ़ DMK के रिश्तों में खटास बढ़ रही है। दोनों दलों ने 2019 और 2024 लोकसभा चुनाव तथा 2021 विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ा था। वहीं बताया जा रहा है कि अब सत्ता में भागीदारी को लेकर कांग्रेस असंतुष्ट है। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस चाहती है कि अगर DMK फिर से सत्ता में आती है तो उसे सरकार में हिस्सेदारी मिले। पार्टी कम से कम 6 मंत्री पद की मांग कर रही है। लेकिन मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की पार्टी अब तक सहयोगी दलों को सत्ता में शामिल करने से बचती रही है।

सीट शेयरिंग पर भी टकराव

आगामी विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर भी दोनों दलों में सहमति नहीं बन पाई है। कांग्रेस चाहती है कि उसे कम से कम 35 सीटें मिलें, जबकि DMK 19 से ज्यादा सीटें देने को तैयार नहीं है। 

Updated on:
29 Jan 2026 07:09 pm
Published on:
29 Jan 2026 07:09 pm