Congress supports Vijay TVK: तमिलनाडु में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी विजय की TVK सरकार बनाने की कोशिश में जुटी है। बहुमत से 10 सीट दूर TVK की नजर PMK के समर्थन पर है, जिसने डिप्टी सीएम पद समेत कई शर्तें रखी हैं, जबकि कांग्रेस ने समर्थन दे दिया है और DMK ने इस पर नाराजगी जताई है।
Tamil Nadu Assembly Election 2026: तमिलनाडु में एक्टर से नेता बने विजय ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। हालाकि उनकी पार्टी TVK बहुमत से 10 सीट पीछे है। विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद विजय अपनी सरकार बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं और इसी बीच सियासी हलचल भी तेज हो गई है।
प्रदेश में कांग्रेस और वाम दलों समेत अन्य पार्टियों के साथ बातचीत के बीच अब सबकी नजर पट्टाली मक्कल कच्ची (PMK) और उसके नेता अंबुमणि रामदास पर टिकी है। दरअसल, PMK ने चुनाव AIADMK के साथ मिलकर लड़ा था।
हालांकि अब तक PMK ने अपना रुख साफ नहीं किया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टीवीके की पीएमके के साथ बातचीत जारी है। PMK नेता अंबुमणि रामदास ने एक बड़ी शर्त रख दी है। खबर है कि उन्होंने अपनी पत्नी और धर्मपुरी की विधायक सौम्या अंबुमणि के लिए डिप्टी सीएम पद की मांग की है।
इतना ही नहीं, PMK ने उस सीट की भी मांग की है जहां से विजय इस्तीफा देने वाले हैं। फिलहाल विजय ने इन मांगों पर कोई फैसला नहीं लिया है।
PVK प्रत्याशी सौम्या अंबुमणि ने धर्मपुरी से 20896 वोटों से जीत दर्ज की है। इसके साथ ही वह धर्मपुरी की पहली महिला विधायक भी बनीं हैं। दूसरे नंबर पर एक्टर विजय की पार्टी के प्रत्याशी रहे, उन्हें 72817 वोट मिले।
वहीं, DMDK की महासचिव प्रेमलता विजयकांत ने TVK को समर्थन देने की अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ कहा कि हम सेक्युलर प्रोग्रेसिव अलायंस का हिस्सा हैं और अपने रुख पर कायम हैं। प्रेमलता ने यह भी बताया कि SPA की बैठक अन्ना अरिवालयम में होगी, जहां उनकी मुलाकात भाई स्टालिन से होगी।
तमिलनाडु में एक्टर विजय को कांग्रेस ने समर्थन देने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार को तमिलनाडु कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की एक बैठक हुई, इसमें सर्वसम्मति से TVK को समर्थन देने का फैसला लिया है।
बता दें कि अकेली कांग्रेस पार्टी के समर्थन देने के बाद भी TVK बहुमत का आंकड़ा को नहीं छू पाएंगी। क्योंकि TVK के 108 और कांग्रेस के 5 विधायक कुल 113 विधायक होते हैं। अभी भी बहुमत के आंकड़े से 5 विधायक कम है। ऐसे में अटकलें लगाई जा रही है कि PVK के साथ विजय की पार्टी की बातचीत चल रही है।
इसी बीच कांग्रेस द्वारा टीवीके को समर्थन देने पर डीएमके भड़क गई। पार्टी प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कांग्रेस को पीठ में छुरा घोंपने वाला बताया है। एक मीडिया चैनल से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस को मिली पांच सीटें डीएमके के साथ गठबंधन की वजह से थीं। उन्होंने आगे कहा कि अन्यथा, हाल के चुनावों में उन्हें एक भी सीट नहीं मिलती।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने सबसे बड़ा दल बनते हुए 108 सीटें हासिल की हैं। इसके बाद द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) को 59 सीटें मिली हैं, जबकि अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (AIADMK) ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस को 5 सीटें मिली हैं। वहीं पट्टाली मक्कल काची (PMK) ने 4 सीटें जीती हैं। अन्य दलों में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) [CPI(M)] को 2-2 सीटें मिली हैं। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी (BJP), देसिया मुरपोक्कु द्रविड़ कझगम (DMDK) और अम्मा मक्कल मुनेत्र कझगम (AMMK) को 1-1 सीट पर जीत मिली है।