राष्ट्रीय

रेलवे ने तत्काल टिकट के लिए शुरू किया ‘टोकन सिस्टम’, जानें आपको कितने बजे मिलेगा टोकन?

भारतीय रेल के पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) जोन के कोटा डिवीजन द्वारा काउंटर से तत्काल टिकट लेने वाले यात्रियों की सुविधा, पारदर्शिता और लंबी लाइनों से निजात दिलाने के लिए नए टोकन सिस्टम लागू किए गए।

2 min read
May 25, 2026
Indian Railways

Tatkal Ticket Booking New Rules Counter: भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई व्यवस्था शुरू की है। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के सभी स्टेशनों पर तत्काल (Tatkal) टिकट बुकिंग के लिए टोकन सिस्टम लागू कर दिया गया है। इस नई प्रणाली से अब यात्रियों को तत्काल टिकट के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। व्यवस्था पारदर्शी और सुव्यवस्थित हो गई है।

ये भी पढ़ें

ट्रेन का टिकट बुक करते समय ध्यान रखें ये बात, कंफर्म मिलेगी लोअर बर्थ, IRCTC ने बताया तरीका

'पहले आओ-पहले पाओ'

कोटा मंडल ने इस व्यवस्था को सभी स्टेशनों पर लागू किया है। इसका मुख्य उद्देश्य काउंटरों पर भीड़-भाड़ कम करना, यात्रियों को सुविधा प्रदान करना और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना है। कोटा डिवीजन पश्चिम मध्य रेलवे का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो मुख्य रूप से राजस्थान में फैला हुआ है तथा मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों को भी कवर करता है।

टोकन कब और कैसे मिलेगा?

नई व्यवस्था के अनुसार, एसी (AC) श्रेणी के तत्काल टिकट के लिए टोकन सुबह 9:00 बजे से 9:25 बजे तक वितरित किए जाएंगे।
स्लीपर क्लास के तत्काल टिकट के लिए टोकन सुबह 9:30 बजे से 9:55 बजे तक दिए जाएंगे।
यात्रियों को निर्दिष्ट समय पर बुकिंग काउंटर पर पहुंचना होगा। वहां से टोकन प्राप्त करने के बाद टोकन नंबर के क्रम में टिकट जारी किए जाएंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचें ताकि व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।

अब नहीं लगनी पड़ेगी लंबी लाइनें

इस प्रणाली से पहले तत्काल टिकट बुकिंग के समय स्टेशनों पर भारी भीड़ जुट जाती थी। कई बार झगड़े और अनियमितताएं भी देखी जाती थीं। टोकन सिस्टम इन समस्याओं को काफी हद तक समाप्त कर देगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह कदम यात्री सुविधा और बेहतर क्यू मैनेजमेंट की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

कोटा मंडल के इस फैसले की सराहना हो रही है। यदि यह व्यवस्था सफल रही तो इसे अन्य मंडलों में भी विस्तार दिए जाने की संभावना है। विशेष रूप से त्योहारों, गर्मियों की छुट्टियों और पीक सीजन में यह सिस्टम यात्रियों के लिए राहत का सबब बनेगा।

यात्रियों को सलाह

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि टोकन सिस्टम केवल काउंटर बुकिंग पर लागू है। ऑनलाइन तत्काल बुकिंग IRCTC के माध्यम से पहले की तरह ही उपलब्ध रहेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि जहां संभव हो ऑनलाइन बुकिंग का उपयोग करें, लेकिन जो लोग काउंटर से टिकट लेना चाहते हैं उनके लिए अब यह नई सुविधा उपलब्ध है।

ये भी पढ़ें

तमिलनाडु की 4 सीटें खाली, विजय के सामने खड़ी हुई बड़ी चुनौती, जल्द होगी चुनाव की घोषणा
Published on:
25 May 2026 07:53 pm
Also Read
View All