राष्ट्रीय

बिहार MLC चुनाव में RJD की दो सीटों पर जीत, तेजस्वी बोले- BJP का 30 साल पुराना गढ़ ध्वस्त कर दिया

Tejashwi Yadav: बिहार MLC चुनाव में RJD ने दो सीटें जीतीं। तेजस्वी यादव ने इसे बड़ी कामयाबी बताते हुए BJP के 30 साल पुराने गढ़ को ध्वस्त करने का दावा किया। उन्होंने NDA सरकार और चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए।
2 min read
• •
Updated: 30 Oct 2026, 1:47 PM IST
Tejashwi Yadav News
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (फोटो- IANS)

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के नतीजों में RJD ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है। इस जीत के बाद पार्टी नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने BJP पर निशाना साधते हुए दावा किया कि RJD ने उसका 30 साल पुराना गढ़ तोड़ दिया है। उन्होंने चुनाव के नतीजों को NDA सरकार के खिलाफ शिक्षित मतदाताओं का जनादेश बताया।

आरजेडी को पहली बार मिली यह बड़ी सफलता

बिहार विधान परिषद की सभी आठ सीटों के चुनाव नतीजे 29 अक्टूबर को घोषित किए गए थे, जिसमें चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल थे। आरजेडी और बीजेपी ने इन चुनावों में दो-दो सीटें हासिल की हैं, जबकि जेडीयू, जन सुराज पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाकी सीटों पर जीत दर्ज की। तेजस्वी यादव ने बताया कि शिक्षक और स्नातक श्रेणियों में आरजेडी को यह पहली बार इतनी बड़ी कामयाबी मिली है। इससे पहले इन दोनों श्रेणियों में पार्टी के पास एक भी सीट नहीं थी। आरजेडी उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पांच बार के बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव को शिकस्त दी, वहीं अनिल झा ने दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की।

'धनबल और मशीनरी के दम पर बनाई गई थी सरकार'

मीडिया से बात करते हुए और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए तेजस्वी यादव ने मौजूदा एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने धनबल, सरकारी मशीनरी और चुनाव आयोग की मिलीभगत से सत्ता हासिल की थी, लेकिन अब ये तमाम बातें बेनकाब हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव परिणाम महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य की बदहाल स्थिति, कानून-व्यवस्था तथा युवाओं की नाराजगी का साफ संकेत हैं। तेजस्वी ने कहा कि सरकार चाहे जितने भी हथकंडे अपना ले, लेकिन जनता अब सच जानने लगी है और बदलाव का मन बना चुकी है।

INDIA गठबंधन के मार्च में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना होंगे तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन का मार्च होगा। उन्होंने लोगों से इस मार्च में शामिल होने की अपील की। तेजस्वी ने कहा कि जो लोग लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं, संविधान के साथ खड़े हैं और देश का बेहतर भविष्य चाहते हैं, उन्हें रामलीला मैदान पहुंचना चाहिए। इस दौरान उन्होंने JDU पर भी निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने कई बार पहले ही कहा था कि 2024 के लोकसभा चुनाव और बिहार विधानसभा चुनाव के बाद जनता दल यूनाइटेड खत्म हो जाएगी। अब वही होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि वे इस मार्च में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहे हैं।

Updated on:
30 Oct 2026, 1:47 PM IST
Published on: