राष्ट्रीय

थलापति विजय ने ली तमिलनाडु CM पद की शपथ, DMK बोली- ‘हम देखते हैं वह कैसी सरकार चलाते हैं’

अभिनेता से नेता बने विजय ने तमिलनाडु के सीएम पद की शपथ ले ली हैं। उन्हें 13 मई तक तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत साबित करना होगा। पढ़ें पूरी खबर...
2 min read
May 10, 2026
Thalapathy Vijay
थलापति विजय। (Photo-IANS)

तमिलनाडु में आज TVK पार्टी के प्रमुख जोसफ विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। विजय के 9 विधायक भी मंत्री पद की शपथ ली। 59 साल बाद पहली बार DMK और AIADMK से बाहर का कोई नेता राज्य की सत्ता संभालने जा रहा है।

क्या कहा DMK ने ?

DMK के प्रवक्ता TKS एलंगोवन ने रविवार को कहा कि यह देखना बाकी है कि नई सरकार TVK प्रमुख विजय के नेतृत्व में कैसे काम करती है और अपने वादों को कैसे पूरा करती है। ANI से बात करते हुए एलंगोवन ने सरकार गठन में हुई देरी का जिक्र किया और कहा कि विजय एक हफ्ते के राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद बहुमत का समर्थन हासिल करने में कामयाब रहे हैं।

एलंगोवन ने कहा कि पहले कहा गया था कि वह शाम को शपथ लेंगे, लेकिन अब यह सुबह हो रही है। एक हफ्ते के बाद, वह बहुमत हासिल करने में कामयाब रहे और अब शपथ ले रहे हैं। वह सरकार कैसे चलाते हैं और वादों को कैसे पूरा करते हैं, यह देखना बाकी है। हम देखेंगे कि वह राज्य का शासन कैसे चलाते हैं।

विजय की पार्टी TVK ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया है। विजय को कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML ने समर्थन दिया है। तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने विजय को 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है।

थलापति विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए राहुल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज थलापति विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए हैं। कांग्रेस ने थलापति विजय को नई उम्मीद बताया है। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने विजय को बधाई देते हुए कहा कि तमिलनाडु बदलाव और नई उम्मीद की तरफ देख रहा है। उन्होंने X पर लिखा की विजय को हमारी हार्दिक बधाई, जो जल्द ही मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने जा रहे हैं। तमिलनाडु इस समय एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां वह बदलाव और नई उम्मीद की ओर देख रहा है। लोग एक ऐसे समावेशी तमिलनाडु की अपेक्षा करते हैं, जिसकी नींव सामाजिक न्याय, समानता, विकास और मानवीय शासन पर टिकी हो। हमारा विश्वास है कि आपके नेतृत्व में, एक जन-केंद्रित, पारदर्शी और सुशासित प्रशासन की स्थापना होगी।

Updated on:
10 May 2026 10:23 am
Published on:
10 May 2026 09:48 am