राष्ट्रीय

पीएम मोदी के ‘वेट्रीवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा’ पोस्ट के बीच दीपथून पर जला कार्तिगै दीपम, तमिलनाडु में सियासी घमासान

Karthigai Deepam 2026: सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप और कड़ी सुरक्षा के बीच तमिलनाडु के तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी स्थित दीपथून पर कार्तिगै दीपम जलाया गया। इसके बाद पीएम मोदी ने 'वेट्रीवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा' पोस्ट किया।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 7:52 PM IST
Madurai Deepam Controversy
तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी स्थित दीपथून पर कार्तिगै दीपम प्रज्वलित होता हुआ (फोटो-IANS)

PM Modi Vetrivel Muruganukku Arohara: लंबे कानूनी और प्रशासनिक विवाद के बाद शनिवार को तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी स्थित दीपथून (दी स्तंभ) पर कार्तिगै दीपम प्रज्वलित किया गया। सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप और कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शाम ठीक पांच बजे दीप जलाया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही पहाड़ी की तलहटी में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने जयघोष किया, पटाखे फोड़े और कई श्रद्धालु भावुक हो उठे।

यह आयोजन उस समय हुआ जब सुप्रीम कोर्ट दीपथून पर दीप न जलाए जाने के मामले में तमिलनाडु सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों समेत 15 लोगों को अवमानना नोटिस जारी कर चुका है। न्यायालय ने मंदिर ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित करते हुए सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को सौंप दी थी।

दो पूर्व न्यायाधीशों ने संभाली व्यवस्था

मेघालय उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन और मद्रास उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश वी. पार्थिबन, जिन्हें सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर प्रशासन की निगरानी के लिए रिसीवर नियुक्त किया है, शनिवार सुबह चेन्नई से मदुरै पहुंचे। पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए।

मंदिर में विशेष पूजा के बाद दोनों पूर्व न्यायाधीशों ने दीप जलाने में उपयोग होने वाली पारंपरिक तांबे की ‘कोप्पराई’, घी, मिट्टी के दीपक और अन्य सामग्री पुजारियों को सौंपी। दीपथून तक पहुंचने के लिए विशेष मचान और अस्थायी ढांचा तैयार किया गया था। दीप जलाने के लिए लगभग 30 किलोग्राम घी, 50 मीटर लंबी सूती बाती और पांच किलोग्राम कपूर का उपयोग किया गया।

पहाड़ी पर अभेद्य सुरक्षा, केवल सीमित श्रद्धालुओं को अनुमति

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सीआरपीएफ की एक कंपनी, रैपिड एक्शन फोर्स, तमिलनाडु पुलिस, अग्निशमन एवं बचाव सेवा तथा चिकित्सा दल को तैनात किया गया था। पहाड़ी की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर बैरिकेड लगाए गए थे।

प्रशासन ने सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को ही पहाड़ी पर जाने की अनुमति दी, जबकि हजारों लोग सुबह से ही तलहटी में एकत्र हो गए थे। कई श्रद्धालुओं और मीडिया कर्मियों ने ऊपर जाने की अनुमति मांगी, लेकिन सुरक्षा कारणों से उन्हें रोका गया। कुछ स्थानों पर पुलिस और श्रद्धालुओं के बीच बहस भी हुई।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीआरपीएफ ने सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह के आसपास विशेष सुरक्षा घेरा बनाया। न्यायालय के निर्देशानुसार दरगाह आने वाले मुस्लिम श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश व्यवस्था सामान्य रूप से जारी रही।

दीपथून बना आस्था और विवाद का केंद्र

तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी का दीपथून पिछले कई वर्षों से धार्मिक और कानूनी विवाद का विषय बना हुआ था। हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं की मांग थी कि पारंपरिक रूप से कार्तिगै दीपम दीपथून पर ही जलाया जाए, जबकि हाल के वर्षों में दीप उची पिल्लैयार मंदिर के निकट दीप मंडपम में जलाया जाता रहा था। विवाद सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा, जहां 20 नवंबर को अदालत ने एकबारगी व्यवस्था के तहत 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि उस दिन आदेश का पालन नहीं हुआ और दीप केवल पारंपरिक निचले स्थल पर जलाया गया। इसके बाद अदालत ने कड़ा रुख अपनाते हुए अवमानना नोटिस जारी किए तथा शनिवार को दीपथून पर दीप जलाने का स्पष्ट निर्देश दिया।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज

घटनाक्रम के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर "वेट्रीवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा" लिखकर भगवान मुरुगन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। वहीं अन्नाद्रमुक महासचिव ईपीएस ने पूरे विवाद के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। भाजपा नेताओं ने भी राज्य सरकार और विपक्षी दलों की आलोचना की। दूसरी ओर, वामदलों और कुछ अन्य राजनीतिक संगठनों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश और केंद्र के हस्तक्षेप को लेकर आपत्ति जताई तथा इसे संघीय व्यवस्था से जुड़ा मुद्दा बताया।

Updated on:
28 Nov 2026, 7:52 PM IST
Published on: