
Gujarat Car Fire: गुजरात के जूनागढ़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की जिंदा जलने से मौत हो गई। चार दोस्त जन्मदिन मनाने के लिए माधवपुर जा रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क किनारे पत्थर से टकराने के बाद उसमें आग लग गई। हादसे में कार सवार एक युवती बाहर उछलकर खेत में जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई। बची युवती सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मॉडल है।
हादसा रविवार को केशोद-बालागाम रोड पर खमीदाणा गांव के पास हुआ। लाल रंग की कार जूनागढ़ से माधवपुर जा रही थी। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण चालक मोड़ पर कार को संभाल नहीं पाया। कार पलटने के बाद सड़क किनारे एक पत्थर से टकराई और उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार तीन लोग बाहर नहीं निकल सके। हादसे में नंदनी पोपट, डेनिस दिवराणिया और झलक मशरू की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों की उम्र करीब 25 से 27 साल बताई जा रही है। कार में सवार चौथी युवती कृष्णा चुडासमा हादसे में बच गई। बताया जा रहा है कि वह आगे की सीट पर बैठी थी। टक्कर के दौरान कार का शीशा टूटने से वह उछलकर पास के खेत में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार मृतक नंदनी पोपट का रविवार को जन्मदिन था। उसने रात में परिवार के साथ जन्मदिन मनाया था। इसके बाद चारों दोस्त माधवपुर में जन्मदिन की पार्टी करने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
हादसे में बची कृष्णा चुडासमा जूनागढ़ की रहने वाली है। वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मॉडल है। इंस्टाग्राम पर उसके करीब 1.23 लाख फॉलोअर्स हैं। हादसे के बाद उसे 108 एंबुलेंस से केशोद की सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के सदमे के चलते उसकी मानसिक स्थिति प्रभावित हुई है। डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू कर दिया है।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस निरीक्षक एनबी चौधरी ने बताया कि कार में दो युवतियां और दो युवक सवार थे। इनमें से दो युवक और एक युवती की मौत हुई है। उपचाराधीन कृष्णा चुडासमा से हादसे के संबंध में शुरुआती जानकारी ली जा रही है। पुलिस कार और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।