राष्ट्रीय

सुरक्षाबलों को दो दिन के भीतर मिली दूसरी बड़ी सफलता, 1 करोड़ का इनामी नक्सली सहदेव सोरेन समेत 3 ढेर

झारखंड में पुलिस और सुरक्षाबलों को दो दिन के भीतर दूसरी बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों ने एक करोड़ के इनामी नक्सली सहदेव सोरेन को मार गिराया है।
2 min read
Sep 15, 2025
MP News
MP news

झारखंड (Jharkhand) के हजारीबाग में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षाबलों और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक करोड़ रुपए के इनामी हार्डकोर नक्सली सहदेव सोरेन (Naxal Sahdev Soran) ऊर्फ प्रवेश सहित तीन नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ बरकट्ठा-गोरहर थाना क्षेत्र के पनतीतरी जंगल में मुठभेड़ के दौरान तीनों नक्सली मारे गए। नक्सलियों के पास से पुलिस ने AK 47 बरामद की है।

दो दिन के भीतर दूसरी बड़ी कामयाबी

पुलिस ने कहा कि मारे गए नक्सलियों में 25 लाख रुपए इनामी और भाकपा माओवादी संगठन की झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी का सदस्य रघुनाथ हेम्ब्रम और 10 लाख रुपए का इनामी वीर सेन गंझू शामिल हैं। पुलिस को दो दिन के भीतर मिली यह दूसरी बड़ी सफलता है। इससे पहले रविवार को पुलिस ने पलामू के मनातू जंगल में माओवादी नेता मुखदेव यादव को एनकाउंटर में मार गिराया था, जबकि सात सितंबर को झारखंड पुलिस और सुरक्षा बलों ने पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा इलाके के बुर्जुवा पहाड़ी पर 10 लाख के इनामी अमित हांसदा का एनकाउंटर किया था। अमित हांसदा झारखंड में 96 वारदातों में वांछित अपराधी था।

मिसिर बेसरा पर 1 करोड़ रुपए का इनाम

झारखंड पुलिस ने जानकारी दी कि, राज्य में हर महीने तीन नक्सली मारे जा रहे हैं। राज्य में 100 से अधिक माओवादी सक्रिय है। इनमें से 58 पर इनाम घोषित हैं। जिन पर कुल 5.46 करोड़ रुपए का इनाम घोषित है। पुलिस ने कहा कि मोस्टवांटेड सूची में 13 माओवादी शामिल हैं। जिसमें माओवादी पोलित ब्यूरो के सदस्य मिसिर बेसरा भी शामिल हैं। मिसिर बेसरा, पतिराम मांझी और असीम मंडल पर एक-एक करोड़ रुपए का इनाम है। वहीं, अनमोल, मोछु, अजय महतो, अगेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, जयकांत और रापा मुंडा पर भी केंद्र व राज्य सरकार ने इनाम की घोषणा की है।

केंद्रीय अमित शाह के निर्देश पर देश को मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसी कड़ी में झारखंड पुलिस और केंद्रीय बल मार्च 2026 तक राज्य को नक्सल मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत अभियान चला रहे हैं। इस अभियान के तहत जनवरी से अब तक 28 नक्सली मारे जा चुके हैं।

Published on:
15 Sept 2025 10:23 am