राष्ट्रीय

पार्टी-विरोधी गतिविधियों पर TMC की सख्ती, फिरहाद हकीम और अरूप बिस्वास समेत 8 नेताओं को निकाला

West Bengal TMC Crisis: बंगाल की राजनीति में एक बार फिर से हलचल तेज हो गई है। TMC ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में 8 वरिष्ठ नेताओं को निष्कासित कर दिया है।
2 min read
Jun 23, 2026
TMC expels 8 leaders
पार्टी-विरोधी गतिविधियों पर TMC ने 8 नेताओं को पार्टी से निकाला (X)

TMC Leaders Expelled: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज (मंगलवार) को बड़ा बदलाव देखने को मिला। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अपने 8 वरिष्ठ नेताओं को निष्कासित कर दिया। इस फैसले के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और पार्टी के भीतर चल रहे मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं।

इन नेताओं पर हुई कार्रवाई

टीएमसी से निष्कासित किए गए नेताओं में जावेद अहमद खान, फिरहाद हकीम, अरूप रॉय, रथीन घोष, बिप्लब मित्रा, सबीना यास्मीन, अरूप बिस्वास और स्नेहाशीष चक्रवर्ती शामिल हैं। पार्टी ने इससे पहले इन नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। टीएमसी नेतृत्व का आरोप है कि इन नेताओं ने जानबूझकर पार्टी विरोधी गतिविधियों में हिस्सा लिया और संगठन के खिलाफ काम किया।

बागी गुट ने बनाया नया नेतृत्व ढांचा

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पार्टी के भीतर संकट गहराता दिखाई दे रहा है। सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के लिए नए नेतृत्व ढांचे की घोषणा कर दी थी। बागी गुट ने अरूप रॉय को पार्टी का नया अध्यक्ष घोषित किया और 30 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारी समिति (NWC) के गठन का भी ऐलान किया।

फिरहाद हकीम और अरूप बिस्वास को मिली बड़ी जिम्मेदारी

ऋतब्रत बनर्जी ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि विशेष अधिवेशन के दौरान सर्वसम्मति से नई समिति का गठन किया गया। उन्होंने कहा कि अरूप रॉय को अध्यक्ष चुना गया है, जबकि फिरहाद हकीम और अरूप बिस्वास को उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा रथीन घोष, सबीना यास्मीन और अन्य कई वरिष्ठ नेताओं को भी राष्ट्रीय कार्यकारी समिति में शामिल किया गया है।

ममता बनर्जी को मेंटॉर बनाने की मांग

बागी गुट ने साफ किया कि वह ममता बनर्जी को पार्टी से अलग नहीं करना चाहता। गुट का कहना है कि वे ममता बनर्जी को संगठन में एक मार्गदर्शक (मेंटॉर) की भूमिका में देखना चाहते हैं। ऋतब्रत बनर्जी ने कहा, हम कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि दीदी हमारी नेता हैं। हम चाहते हैं कि वह पार्टी का मार्गदर्शन करती रहें और संगठन को दिशा दें।

आगे होंगे जिला समितियों के गठन

बागी गुट ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में जिला अध्यक्षों और जिला समितियों का गठन भी किया जाएगा। इससे साफ है कि संगठन के भीतर शक्ति प्रदर्शन और नेतृत्व को लेकर संघर्ष अभी और बढ़ सकता है।

TMC में बढ़ सकता है राजनीतिक संकट

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के निष्कासन और समानांतर नेतृत्व की घोषणा से तृणमूल कांग्रेस के भीतर संकट और गहरा सकता है। अब सभी की नजरें ममता बनर्जी और आधिकारिक टीएमसी नेतृत्व की अगली रणनीति पर टिकी हैं।

Updated on:
23 Jun 2026 03:54 pm
Published on:
23 Jun 2026 03:54 pm