
Trinamool Congress: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तृणमूल कांग्रेस नेता अब्दुल करीम खान को पुलिस ने चुनाव बाद हिंसा के एक मामले में गिरफ्तार कर लिया है। बीरभूम के प्रभावशाली टीएमसी नेता और पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष अनुब्रत मंडल के करीबी माने जाने वाले खान को शनिवार देर रात गिरफ्तार किया गया। रविवार को बोलपुर महकमा अदालत में पेश किए जाने पर अदालत ने उन्हें तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
वह बीरभूम जिला परिषद में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के पूर्व कार्याध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनका घर जिले के नानूर थाना क्षेत्र के सांतरा गांव में है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अब्दुल करीम खान पर बीरभूम जिले में राजनीतिक हिंसा और आतंक फैलाने समेत कई गंभीर आरोप हैं। पुलिस का दावा है कि विभिन्न आपराधिक घटनाओं के सिलसिले में उनके खिलाफ कुल 32 मामले दर्ज हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार करीम खान लंबे समय से जांच एजेंसियों और पुलिस की गिरफ्त से बच रहे थे। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बोलपुर स्थित बीरभूम जिला तृणमूल कांग्रेस कार्यालय की घेराबंदी की। बताया जाता है कि जैसे ही करीम खान कार्यालय से बाहर निकले, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद उन्हें थाने ले जाया गया, जहां नानूर थाने की पुलिस ने उनसे काफी देर तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस ने शनिवार रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अब्दुल करीम खान पर लंबे समय से विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप लगते रहे हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि करीम खान के खिलाफ 32 मामले दर्ज होने के बावजूद फिलहाल उनकी गिरफ्तारी 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा से जुड़े मामले में की गई है। करीम खान का नाम इससे पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। मवेशी तस्करी और बालू तस्करी से जुड़े मामलों के सिलसिले में केंद्रीय जांच एजेंसियां सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी उन पर नजर रख चुकी हैं। इसके अलावा उनके खिलाफ जमीन पर जबरन कब्जा करने और इलाके में राजनीतिक हिंसा फैलाने के आरोप भी लगते रहे हैं।