राष्ट्रीय

‘बीजेपी सिर्फ धोखाधड़ी से जीती है, ममता बनर्जी से बड़ा कोई नेता नहीं’, टीएमसी के शहीद दिवस कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने बीजेपी को घेरा

Mamata Banerjee: कोलकाता में टीएमसी के शहीद दिवस कार्यक्रम में ममता बनर्जी, कीर्ति आजाद और सागरिका घोष ने बीजेपी पर तीखे हमले किए। बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने भी ममता बनर्जी पर पलटवार किया।
2 min read
Jul 21, 2026
TMC crisis
ममता बनर्जी(फोटो-IANS)

Kirti Azad: कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के शहीद दिवस कार्यक्रम में पार्टी नेतृत्व ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले किए। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विपक्षी दलों से बीजेपी को हराने के लिए एकजुट होने की अपील की, वहीं टीएमसी सांसदों ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी से बड़ा कोई नेता नहीं है और बीजेपी चुनाव 'धोखाधड़ी के जरिए जीती है।

शहीद दिवस कार्यक्रम में जुटे टीएमसी के बड़े नेता

कोलकाता में आयोजित टीएमसी के शहीद दिवस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी, सांसद कल्याण बनर्जी समेत कई सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। अपने संबोधन में ममता बनर्जी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए विपक्षी दलों से एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला करने की अपील की।

कीर्ति आजाद बोले- ममता बनर्जी से बड़ा कोई नेता नहीं

कार्यक्रम के दौरान टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने कहा कि रैली में लोग किसी दबाव या व्यवस्था के तहत नहीं, बल्कि अपनी इच्छा से पहुंचे हैं। उन्होंने दावा किया कि पूरे पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी से बड़ा कोई नेता नहीं है। कीर्ति आजाद ने आरोप लगाया कि बीजेपी केवल धोखाधड़ी के जरिए चुनाव जीती है। उन्होंने कहा कि साल 2029 तक सच्चाई सामने आ जाएगी। उनका यह भी दावा था कि देशभर में चल रहे आंदोलनों को देखते हुए केंद्र सरकार 2028 में भी गिर सकती है।

सागरिका घोष ने कार्यकर्ताओं के उत्साह को बताया टीएमसी की ताकत

टीएमसी सांसद सागरिका घोष ने कहा कि शहीद दिवस कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि जनता ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में टीएमसी पहले से अधिक मजबूती के साथ वापसी करेगी।

बीजेपी का पलटवार

टीएमसी के आरोपों पर पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी खुद को कभी 'शेरनी' बताती थीं, लेकिन अब उनकी स्थिति ऐसी हो गई है कि उन्हें 'कॉकरोच पार्टी' के साथ खड़े होने की बात करनी पड़ रही है। समिक भट्टाचार्य ने दावा किया कि कुछ महीने पहले तक ममता बनर्जी केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को हटाने की बात कर रही थीं, लेकिन अब उनकी राजनीतिक स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने इसे पश्चिम बंगाल के लिए शर्मनाक बताया।

Updated on:
21 Jul 2026 06:44 pm
Published on:
21 Jul 2026 06:42 pm