
मीडिया से बात करते अरविंद केजरीवाल। फोटो- एएनआई
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्र शांतिपूर्वक संसद की ओर मार्च कर रहे थे, लेकिन उन पर लाठीचार्ज किया गया। उनके अनुसार इस कार्रवाई में कई छात्रों के सिर फूटे, हाथ-पैर टूटे और कई घायल हुए।
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि छात्र केवल परीक्षा पत्र लीक रोकने की मांग कर रहे थे। उनका कहना था कि हर साल परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं और जब छात्र इसके खिलाफ आवाज उठाते हैं तो उन पर बल प्रयोग किया जाता है। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के बाद कई छात्रों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए और कई को हिरासत में लिया गया। केजरीवाल के अनुसार कुछ मामलों में छात्रों के परिवारों को भी यह जानकारी नहीं थी कि उनके बच्चे कहां हैं। उन्होंने कहा कि कई छात्र लापता जैसे हालात में थे।
केजरीवाल ने बताया कि मंगलवार सुबह आम आदमी पार्टी ने एक हेल्पलाइन शुरू की। उनके अनुसार इस हेल्पलाइन पर मिली जानकारी के आधार पर वह खुद अलग-अलग पुलिस थानों पहुंचे और करीब 70 से 80 छात्रों को रिहा कराने में मदद की। उन्होंने यह भी दावा किया कि जिन छात्रों के लापता होने की सूचना मिली थी, उनमें से कई अलग-अलग जगहों पर पुलिस हिरासत में मिले। उन्होंने छात्रों से हिम्मत नहीं हारने की अपील करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष जारी रखना चाहिए।
इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज और उसके बाद छात्रों पर दर्ज मामलों को लेकर मंगलवार को केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों को कानूनी-मेडिकल सहायता उपलब्ध कराएगी। इसके लिए 8588833548 हेल्पलाइन नंबर जारी करते हुए छात्रों से जरूरत पड़ने पर संपर्क करने की अपील की गई। केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने छात्रों की मदद के लिए कानूनी और मेडिकल टीम गठित की। जिन छात्रों के खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए हैं, जिन्हें गिरफ्तार किया गया है या जिन्हें किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता है, वे हेल्पलाइन नंबर पर संदेश भेज सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा था कि छात्रों की मुख्य मांग केवल पेपर लीक की घटनाओं को रोकने की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर जवाब देने के बजाय प्रदर्शन करने वाले युवाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। केजरीवाल ने बताया कि प्रदर्शन के समय वह पंजाब में थे, लेकिन उनके परिवार के सदस्य और पार्टी के कई नेता जंतर-मंतर पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी छात्रों के साथ खड़ी रहेगी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
Updated on:
21 Jul 2026 05:41 pm
Published on:
21 Jul 2026 05:36 pm
