राष्ट्रीय

एक दिन पहले ममता बनर्जी ने लिया था एक्शन, अब केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मिलने पहुंची सायोनी घोष

Saayoni Ghosh News:सायोनी घोष दिल्ली में पश्चिम बंगाल के भाजपा इंचार्ज और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मिलने पहुंच गईं हैं। इस घटनाक्रम से साफ हो गया है कि वह टीएमसी में बागी होकर पाला बदल सकती हैं।

2 min read
Jun 14, 2026
TMC Split
पूर्व सीएम ममता बनर्जी और सायोनी घोष। (फोटो- IANS)

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने एक दिन पहले सांसद सायोनी घोष पर एक्शन लिया था। उन्हें टीएमसी युवा अध्यक्ष पद से बर्खास्त कर दिया था।

अब सायोनी घोष दिल्ली में पश्चिम बंगाल के भाजपा इंचार्ज और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मिलने पहुंच गईं हैं। इस घटनाक्रम से साफ हो गया है कि वह टीएमसी में बागी होकर पाला बदल सकती हैं।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलेंगे बागी टीएमसी नेता

सायोनी के अलावा बागी टीएमसी नेता काकोली घोष और अरूप चक्रवर्ती भी भूपेन्द्र यादव के आवास पर पहुंचे हैं। खबर है कि सोमवार को टीएमसी के सभी बागी सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलने वाले हैं।

उधर, बागी सांसदों पर प्रतिक्रिया देते हुए सस्पेंड किए गए टीएमसी नेता रिजु दत्ता ने कहा- बागी नेता आज दिल्ली जा रहे हैं। काकोली घोष ने सुबह बात की थी और संभावना है कि दो और सांसद उनके साथ जुड़ेंगे, जिससे यह संख्या 20 से बढ़कर 22 हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि सोमवार को सभी बागी सांसद स्पीकर से मिलेंगे और लोकसभा में वे विपक्ष के एक अलग नेता का प्रस्ताव रख सकते हैं। मैंने उनमें से कुछ से व्यक्तिगत रूप से बात की है, उन्होंने कहा कि वे NDA का समर्थन करेंगे।

सुदीप भी भूपेंद्र यादव से मिलने पहुंचे

वहीं, बागी टीएमसी सांसद सुदीप बंदोपाध्याय दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर पहुंचे हैं। एक दिन पहले भी उन्होंने भूपेंद्र यादव से मुलाकात की थी. कल ममता बनर्जी ने सुदीप को भी कोलकाता उत्तर अध्यक्ष पद से हटा दिया था।

क्या बोले भाजपा सांसद?

वहीं, दिल्ली में बागी टीएमसी सांसदों की बैठक पर भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा- पश्चिम बंगाल में जो हो रहा है, वह वहां की जनता की भावना के अनुरूप है। इन टीएमसी सांसदों को समझ आ गया है कि जनता भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में है।

उन्होंने कहा कि जनता का मूड पूरी तरह से ममता बनर्जी और टीएमसी के खिलाफ है। इसीलिए आप देख रहे हैं कि कई TMC नेताओं के लिए जनता के बीच जाना मुश्किल हो रहा है। जनता की इस भावना को समझते हुए सांसदों ने स्वतंत्र रूप से अपना फैसला लिया है।

भाजपा सांसद ने कहा- अगर टीएमसी सांसदों का इरादा BJP या NDA में शामिल होने का है और अगर वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हैं तो यह एक सकारात्मक घटनाक्रम है।

Updated on:
14 Jun 2026 04:51 pm
Published on:
14 Jun 2026 04:29 pm