
BJP Operation Lotus: पश्चिम बंगाल की राजनीति में इन दिनों तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर चल रही खींचतान चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है। पार्टी के कुछ नेताओं और सांसदों के रुख को लेकर लगातार अटकलें लगाई जा रही हैं। इसी बीच TMC के वरिष्ठ नेता सौगत रॉय ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि BJP ऑपरेशन लोटस के जरिए उनकी पार्टी को कमजोर करने की कोशिश कर रही है और इस रणनीति को कुछ हद तक सफलता भी मिली है।
कोलकाता में मीडिया से बातचीत दौरान सौगत रॉय ने कहा कि BJP लंबे समय से TMC नेताओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रही है। उनका आरोप है कि पार्टी के कुछ लोगों को लालच दिया गया और उन पर दबाव भी बनाया गया। उन्होंने कहा, 'यह बीजेपी के चल रहे 'ऑपरेशन लोटस' का हिस्सा है। उन्होंने टीएमसी के लोगों को लालच दिया और धमकाया। जो लोग कामजोर हैं, जिनमें सिद्धांतों की कमी है या जिनकी सोच पक्की नहीं है, वे लोग चले गए हैं।
सौगत रॉय ने BJP की रणनीति को भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा, 'बीजेपी के ऑपरेशन लोटस' को जो भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ है कुछ हद तक कामयाबी मिली है, बागी सांसदों में भरोसा नहीं है, इसीलिए वे पार्टी छोड़ रहे हैं।'
TMC सांसद ने यह भी साफ किया कि फिलहाल यह तय नहीं है कि पार्टी से अलग रुख अपनाने वाले सांसद आगे क्या करेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं पता कि बीजेपी उन्हें शामिल करेगी या नहीं। अभी तक कुछ भी तय नहीं हुआ है। वे कह रहे हैं कि वे एक अलग गुट में बैठेंगे।'
इस बीच पार्टी नेतृत्व ने संगठन में खाली हुए पदों को भरने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। शनिवार को हुई राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के बाद सौगत रॉय ने कई नई नियुक्तियों की जानकारी दी। पार्टी ने अर्नब बनर्जी को तृणमूल यूथ कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं विधायक कुणाल घोष को उत्तर कोलकाता संगठनात्मक जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है।