
TMC rebel faction: तृणमूल कांग्रेस के सीनियर नेता और बागी गुट में शामिल अनुब्रत मंडल ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर तीखा हमला किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के नेशनल जनरल सेक्रेटरी ही मवेशी तस्करी मामले में उनके जेल जाने के लिए जिम्मेदार थे। उन्होंने यह दावा भी किया कि पार्टी की चुनावी हार के बाद उन्होंने कई बार ममता बनर्जी से अपने भतीजे को किनारे करने का आग्रह किया था।
यह बयान तब आया जब TMC के सीनियर विधायक मदन मित्रा ने विपक्ष के नेता रिताब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट में औपचारिक रूप से शामिल होने का फैसला किया। इससे ममता बनर्जी-अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व के खिलाफ बगावत और तेज हो गई है। मंडल पहले से ही बागी गुट का हिस्सा हैं। रिताब्रत के नेतृत्व वाले गुट की बैठक में जाते समय मंडल ने पत्रकारों से कहा, मैं जेल क्यों गया? किसके लिए जेल गया? मैं अभिषेक बनर्जी की वजह से जेल गया।
तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता अनुब्रत मंडल ने यह भी आरोप लगाया कि अभिषेक के नेतृत्व के कारण ही टीएमसी का पतन हो रहा है और पार्टी का अस्तित्व खतरे में है। अनुब्रत मंडल ने कोलकाता में बागी टीएमसी गुट की बैठक में शामिल होने से पहले मीडिया के सामने कई बड़े खुलासे किए हैं। अनुब्रत ने आरोप लगाया कि उन्हें जेल जाने और सीबीआई-ईडी में दर्ज मामलों का सामना इसलिए करना पड़ा, क्योंकि इसके पीछे एकमात्र कारण अभिषेक बनर्जी थे।
उन्होंने दावा किया कि चुनाव में पार्टी की हार के बाद उन्होंने ममता बनर्जी से चार बार फोन पर बात की थी और उनसे अभिषेक बनर्जी को पार्टी से हटाने की गुहार लगाई थी। उन्होंने इस दौरान बड़ा दावा किया कि पार्टी का यही रवैया रहा, तो भविष्य में टीएमसी में कोई भी बड़ा नेता तो दूर कार्यकर्ता तक भी नहीं बचेंगे। यही कारण है कि आज पार्टी में बिखराव हो रहा है और कई बड़े नेता पार्टी से किनारा कर चुके हैं। आगामी दिनों में कुछ और बड़े नेता पार्टी छोड़ने की घोषणा कर सकते हैं।