राष्ट्रीय

तमिलनाडु में फ्लोर टेस्ट में विजय पास, समर्थन में पड़े 144 वोट, विरोध में 22 वोट

C Joseph Vijay wins floor test in Tamil Nadu Assembly: तमिलनाडु में सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली TVK सरकार ने विधानसभा में विश्वास मत जीतकर बहुमत साबित कर दिया है।
2 min read
May 13, 2026
c joseph vijay
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय। (Photo- IANS)

Vijay government wins trust vote: तमिलनाडु विधानसभा में सी. जोसेफ विजय की TVK सरकार फ्लोर टेस्ट में पास हो गई है। अपने सहयोगियों के साथ मिलकर TVK के पास सदन में 120 विधायकों की ताकत थी। वोटिंग के दौरान TVK के पक्ष में 144 वोट, जबकि विरोध में 22 वोट पड़े। इस दौरान विधानसभा में 5 MLA गैर मौजूद रहे।

तमिलनाडु विधानसभा में विश्वास मत हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कहा, ये अल्पसंख्यकों की सरकार है। उनकी सरकार अल्पसंख्यकों के लिए काम करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार सेक्युलर तरीके से घोड़े की रफ्तार से काम करेगी, न कि हॉर्स ट्रेडिंग में शामिल होगी। उनकी सरकार पिछली सरकार की सभी योजनाओं को जारी रखेगी।

DMK वोटिंग से रही दूर

विधानसभा में डीएमके ने ना केवल विश्वासमत का बहिष्कार किया बल्कि वोटिंग से भी दूरी बनाई। सदन में भाजपा का एक विधायक है और इस प्रक्रिया के दौरान तटस्थ की भूमिका निभाई।

विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने TVK पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस समेत उसके सहयोगियों को उससे छीन लिया है। हम विधानसभा से वॉकआउट कर रहे हैं। हमारे वॉकआउट करने के बाद आपको बहुमत मिल जाएगा। आप इसके साथ अच्छा शासन चलाएं। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि हमारी सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं का राजनीतिकरण न करें।

AIADMK दो धड़ों में बंटी

विजय का समर्थन करने वाले विधायकों की संख्या से पता चलता है कि AIADMK के बागी विधायकों के एक गुट ने पार्टी के व्हिप (निर्देश) का उल्लंघन किया और पार्टी के खिलाफ वोट दिया। AIADMK के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी ने विजय सरकार के विश्वासमत का विरोध किया था, वहीं पार्टी के एसपी वेलुमणि ने टीवीके सरकार के समर्थन का ऐलान किया था।

एक तरफ AIADMK के महासचिव एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने कहा था कि उनके सभी 47 विधायक TVK के खिलाफ वोट देंगे, वहीं पूर्व मंत्री और पार्टी विधायक एसपी वेलुमणि ने भी विधानसभा की कार्यवाही के दौरान अपनी बात रखी, जिस पर एडप्पादी के. पलानीस्वामी के समर्थकों ने आपत्ति जताई।

विधायकों को लुभाने की कोशिशों का आरोप लगाते हुए पलानीस्वामी ने दावा किया कि पार्टी को यह जानकारी मिली है कि कुछ सदस्यों को सरकार का समर्थन करने के बदले में मंत्री पद और बोर्ड के अध्यक्ष पद देने का प्रस्ताव दिया जा रहा है। EPS ने विधानसभा में कहा, 'हम कोई दुश्मन पार्टी नहीं हैं; हम एक जिम्मेदार विपक्ष के तौर पर काम करना चाहते हैं।'

विधानसभा में TVK के पास कुल 107 सीटें

तमिलनाडु विधानसभा में TVK के पास कुल 107 सीटें हैं, क्योंकि विजय ने त्रिची ईस्ट सीट से इस्तीफा दे दिया और पेरम्बूर सीट अपने पास रखी। हालांकि, मद्रास हाई कोर्ट के निर्देश के बाद पार्टी के पास वोट देने के लिए 106 विधायक ही बचे थे। कोर्ट ने TVK नेता श्रीनिवास सेतुपति को विधानसभा के विश्वास मत में हिस्सा न लेने का निर्देश दिया था, क्योंकि DMK ने कोर्ट में तिरुपत्तूर के चुनावी नतीजों को चुनौती दी थी।

पार्टी को कांग्रेस की 5 सीटें के साथ-साथ CPI, CPI(M), VCK और IUML का भी समर्थन मिला, जिनमें से हर किसी ने दो-दो सीटें दीं। AMMK के एक निष्कासित विधायक को भी शामिल करने पर, गठबंधन की मौजूदा ताकत 120 सीटों की हो जाती है (श्रीनिवास सेतुपति को छोड़कर)।

Updated on:
13 May 2026 01:05 pm
Published on:
13 May 2026 12:05 pm