
Tamil Nadu News: टीवीके के कल्लाकुरिची विधायक सी. अरुल विघ्नेश के खिलाफ जिले की महिला कलक्टर को कथित रूप से अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कलक्टर की ओर से सोमवार को दी गई शिकायत के आधार पर मंगलवार को पांच धाराओं के तहत एफआइआर दर्ज की गई। मामले की जांच उलुंदूरपेट पुलिस की एक विशेष टीम कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार विधायक की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
उनके कल्लाकुरिची स्थित आवास पर सन्नाटा पसरा रहा और पुलिस की टीमें घर से लेकर ठिकानों तक उनकी तलाश में लगी हुई हैं। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई हो सकती है। यह मामला पहले मद्रास हाईकोर्ट पहुंचा था, जहां अधिवक्ता आर. त्रिशूली ने याचिका दायर कर विधायक के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग की थी। मंगलवार को सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने हाईकोर्ट को बताया कि कल्लाकुरिची के ऑल-वुमन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले सरकार ने अदालत को बताया था कि प्रभावित अधिकारी की ओर से कोई आपराधिक या प्रशासनिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी। राज्य के लोक अभियोजक आर. जॉन सत्यन ने जस्टिस वी. लक्ष्मीनारायणन को बताया कि अब कलक्टर की शिकायत मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अदालत में मामले से संबंधित रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई, जिसमें शिकायत, एफआइआर और कलक्टर से हुई बातचीत का विवरण शामिल था।
सुनवाई के दौरान जस्टिस लक्ष्मीनारायणन ने कहा कि किसी महिला को, चाहे वह मुख्य सचिव हो, सफाई कर्मचारी हो या निचले स्तर की कर्मचारी, सभी को यौन उत्पीड़न से सुरक्षा का अधिकार है। उन्होंने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि मामले की निगरानी और जांच एक आइजी स्तर के अधिकारी की देखरेख में कराई जाए ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके। अदालत ने राज्य सरकार को आंतरिक शिकायत समिति (आइसीसी) गठित करने का भी निर्देश दिया।
न्यायाधीश ने कहा कि समिति में केवल IAS अधिकारी ही नहीं, बल्कि स्वतंत्र सदस्य भी शामिल किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी को भी संरक्षण नहीं दिया जाना चाहिए। हाईकोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि यदि पहले ही यह मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद उचित कार्रवाई की गई होती तो संभवतः यह विवाद दोबारा सामने नहीं आता। अदालत ने पूछा कि मीडिया और सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे कथित आपत्तिजनक संदेशों को अब तक हटाया क्यों नहीं गया? न्यायाधीश ने कहा कि किसी महिला की गरिमा को प्रभावित करने वाली सामग्री को तत्काल हटाया जाना चाहिए।
लोक अभियोजक ने अदालत को बताया कि ऐसे पोस्ट हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है, लेकिन अदालत ने कहा कि नुकसान होने के बाद की गई कार्रवाई का विशेष महत्व नहीं रह जाता। अदालत ने पुलिस के साइबर विंग को निर्देश दिया कि कथित आपत्तिजनक पोस्ट और संदेशों को सक्रिय रूप से हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाए। मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर को निर्धारित की गई है। इस बीच पुलिस जांच जारी है और पूरे मामले पर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों की नजर बनी हुई है।
वहीं जिला कलक्टर की ओर से सत्तारूढ़ टीवीके विधायक सी. अरुल विघ्नेश के खिलाफ कथित आपत्तिजनक संदेश भेजे जाने की शिकायत दर्ज कराने के बाद राज्य सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने विधायक की तत्काल गिरफ्तारी और पूछताछ की मांग करते हुए आरोप लगाया कि सरकार उन्हें बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को कलक्टर को भरोसा दिलाते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए थी। स्टालिन ने कहा कि अगर एक जिला कलक्टर की यह स्थिति है, तो आम महिलाओं की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। एआइएडीएमके महासचिव एडपाडी के. पलनीस्वामी ने भी विधायक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी और सीबीआइ जांच की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और उसके मंत्री लंबे समय तक आरोपों से इनकार करते रहे, जबकि महिला अधिकारी अपनी शिकायत पर कायम रहीं।