Twisha Sharma Death Case: पूर्व मिस पुणे ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में नए खुलासे सामने आए हैं। सास ने मानसिक बीमारी और नशे की लत का दावा किया है, जबकि परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की है। ट्विशा के आखिरी चैट मैसेज भी सामने आए हैं।
Twisha Sharma Case Bhopal: पूर्व मिस पुणे और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। इस केस में अब ससुराल और मायके पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। एक तरफ ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरबाला सिंह ने दावा किया है कि ट्विशा मानसिक बीमारी सिजोफ्रेनिया से पीड़ित थी और नशे की आदी थी, वहीं दूसरी तरफ ट्विशा के परिजन इसे हत्या बता रहे हैं।
मामले की जांच एसआईटी कर रही है। ट्विशा के पति समर्थ अब भी फरार बताए जा रहे हैं, जबकि सास गिरबाला सिंह को कोर्ट से जमानत मिल चुकी है। उधर, ट्विशा के शव का आठ दिन बाद भी अंतिम संस्कार नहीं हो सका है।
ट्विशा की सास गिरबाला सिंह ने आरोप लगाया कि वह सिजोफ्रेनिया जैसी मानसिक बीमारी से जूझ रही थी और नशे की भी आदी थी। उन्होंने दावा किया कि ट्विशा ने प्रेग्नेंसी खत्म करने के लिए दवाएं ली थीं और गर्भ ठहरने के बाद वह बेहद परेशान रहने लगी थी। गिरबाला सिंह के मुताबिक, घटना वाले दिन भी ट्विशा ने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की थी।
वहीं, ट्विशा के परिवार ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। परिजनों ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं तो उन्हें अदालत में साबित किया जाए।
परिवार ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि ट्विशा के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने आरोप लगाया कि गिरबाला सिंह उनके पिता को डराने-धमकाने के लिए लोगों को भेज रही हैं।
मौत से कुछ दिन पहले ट्विशा ने अपनी एक दोस्त से इंस्टाग्राम चैट में अपनी परेशानी साझा की थी। कथित चैट में ट्विशा ने लिखा था, 'मैं फंस गई हूं यार... तुम मत फंसना।'
इस पर उनकी दोस्त ने जवाब दिया, 'मुझे तुम्हारी चिंता हो रही है।'
इससे पहले ट्विशा की अपनी मां और पिता के साथ हुई व्हाट्सऐप चैट भी सामने आई थी। मौत से करीब पांच दिन पहले किए गए इन मैसेज में ट्विशा ने लिखा था, 'बहुत परेशान हूं... ये लोग बहुत घटिया हैं। शक करते हैं। समर्थ पूछता है, ‘मेरे पेट में किसका बच्चा है?’ मुझे यहां से ले जाओ। ये लोग मुझे जीने नहीं देंगे।'
परिवार का दावा है कि इन चैट्स से साफ पता चलता है कि ट्विशा मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से गुजर रही थी।
शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी बताई गई थी, लेकिन शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद परिवार ने हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों का आरोप है कि ट्विशा पर दहेज और संपत्ति को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। उनका कहना है कि ट्विशा लंबे समय से मानसिक तनाव में थी और उसने कई बार अपनी मां और दोस्तों से ससुराल में हो रही प्रताड़ना का जिक्र किया था।
ट्विशा का मायका पक्ष अभी तक शव लेने को तैयार नहीं हुआ है। परिवार की मांग है कि आरोपियों की गिरफ्तारी हो, दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए और केस को भोपाल से बाहर ट्रांसफर किया जाए।
इन्हीं मांगों को लेकर परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। मामले को लेकर भोपाल से लेकर दिल्ली तक दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ है।