राष्ट्रीय

Gujarat Firing: पाटण में जिम मालिक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने 6 गोलियां दागीं, इलाके में दहशत

Patan Firing: गुजरात के पाटण में जिम मालिक दलबतसिंह ठाकोर पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। करीब 6 राउंड गोलियां चलाने के बाद हमलावर फरार हो गए, हालांकि दलबतसिंह को कोई चोट नहीं आई।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 2:47 PM IST
Patan Firing
घटनास्थल की जांच करती टीम। फोटो- पत्रिका

Gujarat Crime: गुजरात के पाटण में जिम मालिक पर जानलेवा हमले की कोशिश की गई। बाइक पर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने जिम के बाहर करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि इस हमले में जिम मालिक दलबतसिंह ठाकोर को गोली नहीं लगी। पुलिस को आशंका है कि जमीन विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

नकाबपोश बदमाशों ने किया हमला

घटना पाटण शहर के हसापुर इलाके की है। यहां रोटलिया हनुमान मंदिर के पास आयुष टाउनशिप के नजदीक श्रेय मॉल में दलबतसिंह ठाकोर का श्रेय फिटनेस नाम से जिम है। मंगलवार को दलबतसिंह जिम पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने जिम के बाहर से उन पर गोलियां चलाईं। इसके बाद दोनों मौके से भाग निकले। फायरिंग की यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। दोनों जिम के बाहर करीब 6 राउंड फायरिंग करने के बाद फरार हो जाते हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही पाटण जिला पुलिस अधीक्षक, डीएसपी परेश रेणुका, स्थानीय अपराध शाखा, विशेष अभियान समूह और बी-डिवीजन पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। मौके पर फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। डीएसपी परेश रेणुका ने बताया कि सिटी बी-डिवीजन थाना क्षेत्र में मंगलवार को बाइक सवार दो लोगों के फायरिंग कर भागने की सूचना मिली थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल की जांच और पंचनामा किया गया है। हमले में किस हथियार का इस्तेमाल हुआ, आरोपी कौन हैं और उनका मकसद क्या था, इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

भावेश झीलिया पर हमले के मामले में आरोपी है दलबतसिंह

दलबतसिंह ठाकोर का नाम कुख्यात भावेश झीलिया पर हुए हमले के मामले में भी सामने आया था। गौरतलब है कि गत 30 अगस्त की रात करीब 9 बजे मेहसाणा में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने एक फॉर्च्यूनर को तीन बार टक्कर मारी और दो राउंड फायरिंग की थी। इस घटना में मस्तानी गैंग के भावेश झीलिया को चोट लगी थी। इसके बाद भावेश झीलिया अपनी कार पर फायरिंग की शिकायत दर्ज कराने बी-डिवीजन थाने पहुंचा था। पुलिस ने उसकी फॉर्च्यूनर की तलाशी ली तो उसमें से एक काले रंग की रिवॉल्वर, छह जिंदा कारतूस और एक छुरा मिला था। अब भावेश पर हमले के मामले में आरोपी दलबतसिंह पर हुई फायरिंग के बाद पाटण में फिर से गैंगवार और आपसी रंजिश को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि ताजा हमले के पीछे की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

Updated on:
17 Nov 2026, 2:47 PM IST
Published on: