
Ram Temple Donation: अयोध्या के राम मंदिर में दान राशि के कथित गबन के मामले को लेकर राजनीति भी तेज हो रही है। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कोई हिंदुत्व का दुरुपयोग कर मंदिरों को लूटेगा तो हिंदू उसे माफ नहीं करेंगे। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग भी की।
मुंबई में 'राम रक्षा आंदोलन' की शुरुआत करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज हिंदुओं को लूटने वाले ही सत्ता में बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस पर लूट का आरोप हो, उससे निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती।
उद्धव ठाकरे ने बीजेपी के उस पुराने नारे का भी जिक्र किया जिसमें कहा जाता था कि 'अयोध्या तो सिर्फ ट्रेलर है, काशी और मथुरा अभी बाकी हैं।' उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब उन्हें इस बात की चिंता है कि आगे वहां क्या होगा।
शिवसेना (यूबीटी) ने रविवार को मुंबई में 'राम रक्षा आंदोलन' आयोजित किया। इस दौरान उद्धव ठाकरे के साथ पार्टी नेता संजय राउत और आदित्य ठाकरे भी मौजूद रहे। दादर स्थित हनुमान मंदिर के बाहर आयोजित सभा में उद्धव ठाकरे ने हनुमान स्तोत्र और हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद उन्होंने राम मंदिर दान विवाद की निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि शिवसेना हिंदुत्व में विश्वास रखती है, लेकिन अंधभक्ति में नहीं। उनके मुताबिक, 'हम कट्टर, निष्कलंक और राष्ट्रभक्त हिंदू हैं, लेकिन मूर्ख नहीं हैं।'
उद्धव ठाकरे ने कहा कि शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे ने हिंदुओं को जागृत किया था, लेकिन आज उन्हें सम्मोहित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुत्व के नाम पर जनता को गुमराह किया जा रहा है।
राम मंदिर के दानपात्रों से कथित चोरी का मामला 7 जून को सामने आया था। आरोप लगने के बाद Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust ने मामले की जांच की मांग की थी।
इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। 25 जून को ट्रस्ट की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था।