
Udhayanidhi Stalin on Cauvery Dispute: तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने किसानों के मुद्दे व कावेरी जल विवाद को लेकर मोदी सरकार और कर्नाटक सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि डीएमके ने तंजावुर में किसानों के समर्थन में बड़ा प्रदर्शन किया जिसमें उन्होंने सरकार पर चुनाव के दौरान किसानों से झूठे वादे कर उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाया। स्टालिन ने कहा कि सत्ता में आने के बाद किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं किए गए।
उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि कर्नाटक सरकार मेकेदातु बांध परियोजना को आगे बढ़ाने की कोशिश तेज कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाकर बांध निर्माण के अपने फैसले को दोहराया है। स्टालिन ने आरोप लगाया कि एक तरफ कर्नाटक तमिलनाडु को उसके हिस्से का कावेरी नदी का पानी नहीं दे रहा है वहीं दूसरी तरफ मेकेदातु परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि इससे तमिलनाडु के किसानों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।
स्टालिन ने बताया कि सोमवार को डीएमके ने तंजावुर में किसानों के समर्थन में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने करीब 25 मिनट तक सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी आगे भी किसानों के हितों और कावेरी जल विवाद जैसे मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी और तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।