US Iran ceasefire: सीजफायर में पाकिस्तान की भूमिका होने पर विपक्षी दलों ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस से लेकर डीएमके तक ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है।
Opposition Targeted Modi Government: अमेरिका और ईरान के बीच चली आ रही जंग आखिरकार रुक गई है। दोनों देशों के बीच दो हफ्ते के सीजफायर पर समझौता हो गया है। पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच बिचौलिए की भूमिका निभाई है। सीजफायर में पाकिस्तान की भूमिका होने पर विपक्षी दलों ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस से लेकर डीएमके तक ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है।
द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (डीएमके) की राज्यसभा सांसद रतिजी सलमा ने बुधवार को अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के युद्धविराम में पाकिस्तान की भूमिका को लेकर केंद्र सरकार पर कटाक्ष किया।
एक्स पर पोस्ट करते हुए सांसद ने लिखा कि पाकिस्तान के हस्तक्षेप के कारण युद्ध रुक गया है। बेचारे 'विश्वगुरु'! संघी लोग इसे कैसे पचाएंगे?
अमेरिका और ईरान बीच सीजफायर में पाकिस्तान की भूमिका को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार की विदेश नीति को लेकर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इसे पीएम नरेंद्र मोदी के लिए बड़ा झटका बताया है।
पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि स्वयंभू विश्वगुरु बेनकाब हो गए हैं। ईरान और इजराय-अमेरिका के बीच युद्ध पीएम नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा के दो दिन बाद शुरू हुआ था। इस यात्रा ने भारत की वैश्विक साख और प्रतिष्ठा को कम किया।
उन्होंने आगे कहा कि दोनों देशों के बीज सीजफायर में पाकिस्तान की भूमिका पीएम मोदी की अत्यधिक व्यक्तिनिष्ठ कूटनीति के सार और शैली-दोनों-के लिए एक गंभीर झटका है।
बता दें कि कांग्रेस नेता जयराम रमेश का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका और ईरान दोनों ने युद्धविराम की घोषणा करते हुए पाकिस्तान की मेजबानी में हुई वार्ता का हवाला दिया था। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अस्थायी विराम का स्वागत किया है और प्रतिनिधिमंडल को स्थायी समझौते पर बातचीत के लिए शुक्रवार, 10 अप्रैल को इस्लामाबाद आमंत्रित किया है।
पाकिस्तनी पीएम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका, अपने सहयोगियों के साथ, लेबनान और अन्य जगहों सहित हर जगह तत्काल प्रभाव से युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं।