राष्ट्रीय

मुंबई लोकल के मोटरमैन केबिन से लटकती युवती का वीडियो वायरल! रेलवे ने जांच के बाद घटना से किया इनकार

Mumbai Local Train: मुंबई लोकल ट्रेन के मोटरमैन केबिन से युवती के लटकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रेलवे ने गोरेगांव स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं की है।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 5:01 PM IST
Mumbai local train red skirt girl video
लोकल ट्रेन से लटकी युवती। फोटो- @sirajnoorani

Mumbai Local Train Girl Video: मुंबई लोकल ट्रेन के मोटरमैन केबिन के दरवाजे से एक युवती के लटकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन में हलचल मच गई। वीडियो में लाल कपड़े पहने युवती केबिन में घुसने की कोशिश करती नजर आ रही है। दावा किया जा रहा था कि यह घटना गोरेगांव रेलवे स्टेशन की है और तीन-चार दिन पहले हुई थी। हालांकि रेलवे ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों से पूछताछ के बाद ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं की है।

'गोरेगांव स्टेशन पर ऐसी कोई घटना नहीं हुई'

रेलवे प्रशासन के अनुसार 16 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे इंस्टाग्राम के जरिए एक महिला के लोकल ट्रेन के मोटरमैन केबिन से लटकने की शिकायत मिली थी। इसके बाद एएसआई सुभाष यादव और हेड कांस्टेबल विनायक कोरे ने स्टेशन मास्टर से संपर्क कर मामले की जानकारी ली। स्टेशन मास्टर ने बताया कि गोरेगांव स्टेशन पर ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। किसी मोटरमैन या गार्ड ने भी इस संबंध में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

सीसीटीवी फुटेज की भी जांच

रेलवे ने शाम और रात की ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से भी पूछताछ की, लेकिन किसी ने ऐसी घटना होने की जानकारी नहीं दी। इसके अलावा प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। इनमें भी युवती के मोटरमैन केबिन से लटकने का कोई दृश्य नहीं मिला। रेलवे के अनुसार वायरल वीडियो की सत्यता और उसके वास्तविक स्थान की पुष्टि नहीं हो सकी है।

दिवा-मुंब्रा के बीच रुकी लोकल की रफ्तार

इसी बीच मध्य रेलवे पर एक दूसरी घटना के कारण लोकल सेवाएं प्रभावित हुईं। दिवा और मुंब्रा के बीच अप लाइन पर चल रही कल्याण वातानुकूलित लोकल के मोटरमैन को अचानक जोर का धक्का महसूस हुआ। इस घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से संबंधित मार्ग की ओवरहेड वायर की बिजली बंद कर दी और जांच शुरू कराई। अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पटरियों की जांच की। इस दौरान न तो पटरियों में कोई दरार मिली और न ही उनकी माप में कोई गड़बड़ी सामने आई। अधिकारियों के अनुसार, पटरियों पर कोई वस्तु आने से भी ट्रेन के मोटरमैन को इस तरह का झटका महसूस हो सकता है।

Updated on:
19 Nov 2026, 5:01 PM IST
Published on: