राष्ट्रीय

डीएमके, भाजपा और एआइएडीएमके पर बरसे सीएम विजय, मदुरांतकम उपचुनाव में मांगा जनसमर्थन

Tamilnadu CM: मदुरांतकम उपचुनाव के प्रचार में सीएम विजय ने DMK, BJP और AIADMK पर निशाना साधा। उन्होंने तीनों दलों के बीच आपसी समझ का आरोप लगाते हुए TVK उम्मीदवार के लिए समर्थन मांगा।
2 min read
• •
Sep 26, 2026
मंदिर-स्कूलों के पास नहीं बिकेगी शराब!CM Vijay सरकार ने बंद किए 717 TASMAC आउटलेट्स, छिड़ी बहस
CM विजय सरकार(फोटो सोर्स: IMDb)

CM Vijay: तमिलगा वेट्री कषगम (टीवीके) प्रमुख और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मदुरांतकम विधानसभा उपचुनाव के लिए आयोजित चुनावी सभा में डीएमके, भाजपा और एआइएडीएमके पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की राजनीति में डीएमके, भाजपा और एआइएडीएमके के बीच अंदरूनी समझ बनी हुई है और कई महत्वपूर्ण मामलों में जनता के सामने सच नहीं लाया गया।

विजय ने ग्रेनाइट कारोबारी आर. वीरमणि से जुड़े पॉक्सो मामले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार से जुड़ी शिकायतें पहले ही सामने आ चुकी थी, लेकिन उस प्रकरण को दबा दिया गया। उन्होंने कहा कि इस मामले पर डीएमके और एआइएडीएमके दोनों चुप हैं और जनता जानना चाहती है कि आखिर क्या समझौता हुआ था?

भाजपा-डीएमके एक सरीखी

डीएमके सरकार को 'दुष्ट शक्ति' बताते हुए विजय ने कहा कि उनकी पार्टी स्वच्छ और पारदर्शी शासन देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएमके भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और जनता के हितों की अनदेखी कर रही है। विजय ने यह भी कहा कि दिल्ली में मौजूद भाजपा और तमिलनाडु की डीएमके अलग-अलग नहीं हैं, बल्कि दोनों कई मुद्दों पर एक जैसी राजनीति करती हैं।

विकास कार्यों के लिए कर्जा

उन्होंने कहा कि उनकी सरकार भी ऋण ले रही है, लेकिन वह विकास कार्यों, किसानों के हित और जनकल्याण योजनाओं के लिए है, न कि भ्रष्टाचार या लूट के लिए। उन्होंने दावा किया कि चुनावी वादों को उनकी सरकार तेजी से पूरा कर रही है और किसानों के लिए दूध खरीद मूल्य बढ़ाने जैसे फैसले तय समय से पहले लागू किए गए हैं।

विजय ने कहा कि मुख्यमंत्री जनता का सेवक होता है, मालिक नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएमके नेतृत्व राज्य को अपनी निजी संपत्ति की तरह चलाने की मानसिकता रखता है। साथ ही उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियों की निंदा करते हुए कहा कि वह अपनी मां के खिलाफ आलोचना सह सकते हैं, लेकिन तमिलनाडु की महिलाओं के अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

पार्टी प्रत्याशी को जिताने की अपील

मदुरांतकम उपचुनाव में टीवीके उम्मीदवार मर्गदम कुमारवेल के समर्थन में प्रचार करते हुए विजय ने मतदाताओं से पार्टी के 'व्हिसल' चुनाव चिह्न को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामान्य परिवार से आने वाले लोगों को सत्ता में पहुंचने से रोकने के लिए वर्षों तक राजनीतिक दल सत्ता बदल-बदल कर चलाते रहे, लेकिन अब जनता बदलाव चाहती है।

विजय ने कहा कि एआइएडीएमके के कई कार्यकर्ता और पूर्व विधायकों ने डीएमके से कथित नजदीकी के कारण निराश होकर अपने पद छोड़े हैं। उन्होंने एमजीआर और जयललिता की विरासत का हवाला देते हुए कहा कि डीएमके आज भी उनके राजनीतिक विचारों की मुख्य प्रतिद्वंद्वी है। उन्होंने विश्वास जताया कि उपचुनाव में जनता टीवीके को समर्थन देकर राज्य की राजनीति में नया संदेश देगी। इससे पहले मदुरांतकम में सीएम विजय का गर्मजोशी से स्वागत हुआ।

Updated on:
26 Sept 2026 08:47 am
Published on:
26 Sept 2026 07:51 am