राष्ट्रीय

बिलख-बिलख कर रोती रही मासूम, अमरूद चुराने पर पूर्व सैनिक ने बच्ची को चेन से बांधकर पीटा, देखें वायरल वीडियो

हिमाचल के ऊना में एक पूर्व सैनिक द्वारा बच्ची को अमरूद तोड़ने पर जंजीर से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Apr 06, 2026
girl tied with chain
अमरूद चुराने पर बच्ची को चेन से बांधा (फोटो- Believer एक्स पोस्ट)

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक मासूम बच्ची को अमरूद तोड़ने के चलते कड़ी सजा दी गई। घटना का आरोपी एक रिटायर्ड आर्मी कर्मी बताया जा रहा है जिसने अपने घर के बाहर लगे पेड़ से अमरूद तोड़ने पर बच्ची को चेन से बांधकर पीटा। इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सामने आने के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

वीडियो में बच्ची बिलख-बिलख के रोती हुई आई नजर

पुलिस के अनुसार, पीड़ित बच्ची एक प्रवासी परिवार से संबंध रखती है। घटना उस समय हुई जब बच्ची ने आरोपी के घर के बाहर लगे पेड़ से अमरूद तोड़ लिए थे। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर पूर्व सैनिक ने बच्ची को अपने घर के अंदर ले जाकर सीढ़ियों से जंजीर से बांध दिया और उसके साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो एक रोहित नामक स्थानीय युवक ने बनाया, जो मर्चेंट नेवी में कार्यरत बताया जा रहा है। वीडियो में बच्ची रोती हुई नजर आती है और रिकॉर्डिंग कर रहे व्यक्ति से मदद की गुहार लगाती है। वहीं आरोपी अपने कृत्य को सही ठहराते हुए कहता सुनाई देता है कि बच्ची ने चोरी की थी। वीडियो में युवक आरोपी से सवाल भी करता है, जिसके जवाब में वह अपनी हरकत को सही साबित करता है।

रोहित ने तुरंत पुलिस को दी मामले की जानकारी

रोहित के अनुसार उसने तुरंत इस घटना की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस ने पीड़ित बच्ची और उसके परिवार के बयान दर्ज किए हैं। साथ ही बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है ताकि चोटों की पुष्टि हो सके और सबूत जुटाए जा सकें। बाद में आरोपी ने कथित तौर पर बच्ची के परिवार से माफी भी मांगी और अपनी गलती स्वीकार की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Updated on:
06 Apr 2026 11:25 am
Published on:
06 Apr 2026 11:25 am
Also Read
View All