राष्ट्रीय

आपस में भिड़ी कॉलेज की छात्राएं, चोटी पकड़ कर घुमाया और बेल्ट से की पिटाई, घटना का वीडियो वायरल

करनाल आईटीआई के बाहर छात्राओं की मारपीट के वीडियो वायरल होने के बाद संस्थान प्रबंधन ने तीन छात्राओं को सस्पेंड कर दिया है। घटना 13 जनवरी की बताई जा रही है और मामले की जांच जारी है।
2 min read
Jan 18, 2026
karnal ITI college
करनाल ITI कॉलेज के बाहर लड़ाई (फोटो- Risav Bajpayi एक्स पोस्ट)

हरियाणा के करनाल जिले में स्थित ITI के बाहर छात्राओं के बीच हुई मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें छात्राएं एक दूसरे को बेरहमी से पीटती नजर आ रही हैं। एक वीडियो में दो छात्राएं एक दूसरे को थप्पड़ और लात-घूंसे मारती दिखती हैं, जबकि एक छात्रा बाल पकड़कर दूसरी को जमीन पर गिराने की कोशिश करती है। घटना के वीडियो सामने आने के बाद संस्थान प्रबंधन हरकत में आया और उन्होंने तीन छात्राओं को सस्पेंड कर दिया। ITI प्रशासन ने इस पूरे मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है।

13 जनवरी के बताए जा रहे वीडियो

वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्राओं को लड़ता देख आसपास मौजूद लोग खड़े-खड़े हंसते रहते हैं और तमाशा देखते रहते हैं। कुछ युवक बीच बचाव का प्रयास कर छात्राओं को अलग करने की कोशिश करते हुए भी देखे गए हैं। जानकारी के मुताबिक यह वीडियो 13 जनवरी के बताए जा रहे हैं और फिलहाल छात्राओं के बीच झगड़े की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना के वीडियो वायरल होने के बाद कॉलेज प्रशासन ने तीनों छात्राओं की पहचान करके उनके खिलाफ कार्रवाई की।

घटना के तीन वीडियो वायरल

इस पूरे मामले में तीन अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं। पहला वीडियो 19 सेकेंड का है जिसमें छह छात्राएं सड़क के बीचों-बीच आपस में लड़ती दिखती हैं। दूसरा वीडियो 23 सेकंड का है और उसमें एक छात्रा दूसरी छात्रा के बाल पकड़कर उसे बेल्ट से मारती नजर आती है। एक मिनट 8 सेकेंड के तीसरे वीडियो में झगड़े के बाद एक छात्रा बेहोश होकर सड़क पर गिर जाती है, जिसे बाद में अन्य छात्राएं संभालती हैं। इन वीडियो के वायरल होते ही मामला तेजी से फैल गया और आईटीआई प्रबंधन पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया।

प्रबंधन की कार्रवाई और जांच

वीडियो सामने आने के बाद औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) के प्रिंसिपल ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच की गई है। जांच के बाद लड़ाई में शामिल तीन छात्राओं को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है और उनके पेरेंट्स को भी संस्थान बुलाया गया है। प्रिंसिपल के अनुसार छात्राओं से पूछताछ की गई, लेकिन किसी भी छात्रा ने झगड़े की ठोस वजह नहीं बताई। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Updated on:
18 Jan 2026 01:50 pm
Published on:
18 Jan 2026 01:50 pm